Breaking News

RJD विधायकों ने BJP MLA को बताया मानसिक दिवालिया, हरिभूषण ठाकुर बचौल के हनुमान चालीसा वाले बयान पर सियासत गरमाई

BJP के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के हनुमान चालीसा और कश्मीर फाइल्स वाले बयान पर सियासत गरमा गई है। मुजफ्फरपुर भी इससे अछूता नहीं है। यहां RJD के विधायकों ने तो उन्हें मानसिक दिवालिया बता दिया है, तो किसी ने इस्तीफे की मांग तक कर डाली। भाजपा MLA के बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है। दरअसल, BJP विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने बयान दिया था कि बिहार के कई जिलों में हनुमान चालीसा नहीं पढ़ सकते हैं। उन्होंने किशनगंज का उदाहरण भी दिया था। कहा कि बिहार में भी कश्मीर फाइल्स जैसे कई फिल्में बन सकती है। इसी विवादित बयान के बाद RJD विधायको ने मुजफ्फरपुर में उनपर जमकर हमला बोला है।

मानसिक दिवालिया हो गए

मुजफ्फरपुर के गायघाट से RJD विधायक निरंजन राय ने कहा कि वे मानसिक दिवालिया हो गए हैं। इसलिए इस तरह की अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। इनलोगों को बोलने का ढंग नहीं है। इन्हें काम से कोई मतलब नहीं है। जहां महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्राहिमाम कर रही है। वहां ये लोग इसी प्रकार का उटपटांग बयान दे रहे हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।

हमको सुनाए, नहीं तो हम सुना देंगे

मीनापुर से राजद विधायक मुन्ना यादव ने कहा कि उनसे जाकर पूछिये की क्या उनके घर मे हनुमान चालीसा पढ़ता है? अगर उनको आता है तो आकर के हमको सुनाए। नहीं तो हम उनको सुना देंगे। भगवान का चालीसा पढ़ने का ये मतलब नहीं है कि मंदिर-मस्जिद कीजियेगा। भगवान का चालीसा लोग घर मे भी पढ़ता है।

अविलंब इस्तीफा देने की मांग

बोचहां से राजद विधायक अमर पासवान ने कहा कि इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए। समाज को हमेशा एकजुट करने की कोशिश होनी चाहिए। हमलोग तो A2Z की राजनीति करते हैं और हमारे लिए सब एक सामान है। वहीं कांटी से राजद विधायक इसराइल मंसूरी ने कहा कि अगर बिहार में उनको कश्मीर जैसे हालात दिखते हैं तो फौरन इस्तीफा देकर चले जाएं। वे संविधान के खिलाफ बोल रहे हैं। वैसे लोगों पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.