Breaking News

आम पर मौसम की मार: मार्च की गर्मी में झुलस गए मंजर, 30% तक घट सकता है आम का उत्पादन

मौसम का बदलता मिजाज आम की बागवानी करने वाले किसानों को ही नहीं, खाने वाले पर भी इस बार भारी पड़ने वाला है। कृषि वैज्ञानिकों और किसानों का अनुमान है कि इस साल आम के उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक कमी आएगी। किसानों को करीब 50 करोड़ के नुकसान की आशंका है। पिछले साल थोक बाजार में मालदह आम 20 से 25 रुपए किलो बिका था, इस साल कीमत 30 से 40 रुपए किलो होने का अनुमान है।

आम के उत्पादन में कमी की मूल वजह मार्च में मौसम का अचानक गर्म होना है। गर्मी से आम के मंजर गिर गए। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भी भीषण गर्मी पड़ी है। इसलिए ज्यादातर टिकोले पीले पड़ गए। अचानक तापमान कम होने के कारण भी टिकोले कम आए। बता दें कि मालदह और जर्दालु बिहार के आम की प्रीमियम वेरायटी है और बाजार में दोनों की सर्वाधिक मांग है। मौसम की मार इन दोनों वेरायटी पर भी पड़ी है।

कृषि वैज्ञानिक बोले- तेज गर्मी के कारण मंजर में दाने ही कम आए

1.60 लाख हेक्टयर आम के बाग का रकबा

मार्च में तेज गर्मी के कारण आम के मंजर में दाने कम आए हैं। उत्पादन में 25-30 फीसदी की कमी तो साफ दिखाई दे रही है। -अशोक चौधरी, अध्यक्ष, बिहार आम उत्पादक संघ

15.5 लाख टन करीब आम का उत्पादन
अचानक हीट बढ़ने के कारण मंजर ही सूख गए। टिकोले भी गिर गए। मंजर में नर पुष्पों की संख्या बढ़ गई। मौसम में बदलाव के कारण आम पर कीट का भी प्रकोप देखा जा रहा है। इससे उत्पादन में गिरवट तय है। डॉ. फिजा अहमद, वरीय वैज्ञानिक, बिहार कृषि विवि

किसान अब क्या करें कि नुकसान कम से कम हो
किसानों को अब सारी ऊर्जा इस बात पर लगानी होगी कि जो टिकोले बचे हैं, वे अब गिरे नहीं। तापमान अधिक होने पर साप्ताहिक सिंचाई ही उपाय है। इससे फल बचेंगे और गुणवत्ता भी बेहतर होगी। आम के उत्पादन में लगातार तीन वर्षों में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसकी मूल वजह तापमान में भारी उतार-चढ़ाव ही है।

आम उत्पादन में टॉप जिले
यूं तो बिहार के लगभग सभी जिलों में आम के छोटे-बड़े बाग हैं। उत्पादन भी कहीं कम तो कहीं ज्यादा होता ही है। लेकिन, 25% यानी एक चौथाई हिस्सेदारी मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्वी चम्पारण की है। वैसे इन तीन जिलों के अलावे भागलपुर, पटना, वैशाली, रोहतास, सारण और कटिहार जिले आम की पैदावार की दृष्टि से प्रमुख हैं। इन जिलों में ही कुल पैदावार का आधा आम का उत्पादन होता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.