Breaking News

जानिए, CM नीतीश का नया पता, नीतीश कुमार के लिए 7 सर्कुलर आवास तैयार किया जा रहा है

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नया पता 7 सर्कुलर रोड होने वाला है। राजनीति के गलियारे में यह चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट कर जाएंगे। कई वजह बताई जा रही है जिसमें अभी फिलहाल एक वजह यह बताया जा रहा है कि CM आवास यानी 1 अणे मार्ग में मरम्मत का काम होने वाला है। यहां जल्द मरम्मत का काम शुरू होना है। इसके चलते मुख्यमंत्री 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले में शिफ्ट करेंगे। यह बंगला, मुख्यमंत्री आवास के बगल में ही है। नीतीश कुमार पहले भी यहां रह चुके हैं।

सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री आवास में आ गए थे

नीतीश कुमार इससे पहले जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपकर यहां रहे थे। बाद में खुद सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री आवास में आ गए थे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए सात नंबर काफी शुभ रहता है इसलिए उन्होंने इस आवास का चयन पहले भी किया था और एक बार फिर से इस आवास में रहने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुरक्षाकर्मियों की बात करें तो तीन चार महीने पहले ही सीएम के लिए जो आवंटित सुरक्षाकर्मी है वह यहां पहरा देने लगे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली जा रहे हैं

दूसरी तरफ से राजनीतिक हलकों में चर्चा यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनेंगे। इसके बाद वह देश के उपराष्ट्रपति बन सकते हैं। इसलिए पटना में अस्थाई ठिकाने के तौर पर आज सर्कुलर रोड को तैयार किया जा रहा है। हालांकि कई जगहों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बात से इनकार किया है कि वह राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। आगे उनकी कोई इच्छा नहीं है। लेकिन राजनीति में ऊंट किस करवट बैठेगा अंतिम पल तक किसी को पता नहीं होता है। अभी फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली जा रहे हैं वहां से लौटने के बाद 7 सर्कुलर रोड में गृह प्रवेश कर सकते है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.