राजद के राष्ट्रीय महासचिव और लालू यादव के करीबी भोला यादव ने कहा है कि मुकेश सहनी बिना शर्त के तेजस्वी यादव का नेतृत्व स्वीकार करेंगे तो उन्हें राजद के साथ काम करने की अनुमति दी जा सकती है। मुकेश सहनी को फिर से महागठबंधन में शामिल किया जाए या नहीं यह राजद नेतृत्व ही तय कर सकता है। भोला यादव का यह बयान दुश्मन का दुश्मन दोस्त वाले सिद्धांत पर दिख रहा है।
पीठ में खंजर से लेकर बोचहां तक बदली तस्वीर
यह बोचहा उपचुनाव में राजद के उम्मीदवार अमर पासवान की जीत और भाजपा की करारी हार के बाद बिहार की राजनीति का बड़ा डेवलपमेंट हैं कि तेजस्वी यादव, वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के प्रति सॉफ्ट दिख रहे हैं। तेजस्वी समझ रहे हैं कि सहनी के अंदर भाजपा को लेकर काफी गुस्सा है और इसलिए सहनी बाहर से ही सही तेजस्वी की ताकत बढ़ा सकते हैं। बोचहां उपचुनाव में मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी की उम्मीदवार गीता कुमारी को 29,279 वोट मिले। भाजपा और वीआइपी के बीच का अंतर महज 16630 वोट का रहा है। सहनी की राजनीतिक चाल के आगे भाजपा की चाल फीकी रही। सहनी की चाल से राजद को ताकत ही मिली। ये वही सहनी हैं जिन्हें 2020 के विधान सभा उपचुनाव में टिकट बंटवारे के समय तेजस्वी की मौजूदगी में हुए प्रेस कांफ्रेस में कहना पड़ा था कि ‘ तेजस्वी यादव ने उनकी पीठ में खंजर भोंका है। एक अतिपिछड़ा के बेटा की पीठ में खंजर भोंका गया है।’

भाजपा से डरे नहीं, डट कर मुकाबला किया सहनी ने
अब मुकेश सहनी भाजपा का विरोध यूपी से लेकर बिहार तक के हाल में हुए चुनाव- उपचुनावों में करने के बाद, मंत्री पद नीतीश कुमार द्वारा छीन लिए जाने के बाद बोचहां परिणाम के समय लड्डू खाते और खिलाते दिखे। सहनी की खासियत यह रही कि वे मैदान में डटकर भाजपा से लड़ते-भिड़ते रहे। पर्दे के पीछ से नहीं। भाजपा को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी सहनी ने। भाजपा ने भी टिट ऑर टैट का नियम लागू किया। सहनी की पार्टी के तीनों विधायकों को भाजपा ने वापस बुला लिया। लेकिन सहनी ने हर बात अपनी बात रखने के लिए प्रेस कांफ्रेस किया। मैदान से भागते नहीं दिखे। मछुआरों को आरक्षण का सवाल उठाते रहे।
तेजस्वी की ताकत जानते हैं सहनी
मुकेश सहनी को मालूम है कि तेजस्वी यादव महत्वाकांक्षी नेता हैं और अपने आगे किसी अन्य तेज युवा नेता को बर्दाश्त करना तेजस्वी के लिए मुश्किल है। कन्हैया कुमार, चिराग पासावन या पप्पू यादव की ही बात कर लें तेजस्वी इन सभी से नपे-तुले हिसाब वाला राजनीतिक संबंध रखते हैं या नहीं रखते हैं। तेजस्वी यादव महागठबंधन के सर्वमान्य नेता हैं। मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे और अभी नेता प्रतिपक्ष हैं। राजद जनता के वोट द्वारा निर्धारित सबसे बड़ी पार्टी है। यह सब सहनी को मालूम है।
अभी हम संगठन को मजबूती देने में लगे हैं- राजीव मिश्रा, प्रवक्ता, वीआईपी
वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव मिश्रा कहते हैं कि भोला यादव के बयान का स्वागत है, लेकिन हमारी पार्टी वीआईपी अपने संगठन को मजबूत करने में लगी है। बोचहां में हमने अपनी ताकत सभी को दिखाई है। आने वाले समय में हमारी ताकत और बढ़ेगी। राजद के साथ हमारा कैसा समझौता होगा, या नहीं होगा इस पर फैसला पार्टी की बैठक में लिया जाएगा। कहते हैं कि 2020 के चुनाव में हमारी पीठ में खंजर नहीं भोंका गया होता तो आज के समय में तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री होते। वीआईपी के अतिपिछड़ा वोट बैंक ने भाजपा को उस चुनाव में 25 से 30 सीटों पर जीत दिलायी थी।



Comment here