जिले के सरकारी अस्पतालों में अब मरीज किसी भी बीमारी का इलाज कराने आएंगे तो पहले उनका कोविड टेस्ट किया जाएगा। कोरोना की चाैथी लहर की आहट के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्णय लिया है। सभी पीएचसी, एपीएचसी, सदर अस्पताल, सीएचसी के लिए प्रतिदिन कोरोना जांच का लक्ष्य तय कर दिया है। इसके साथ प्रतिदिन 4000 कोरोना जांच करने का टारगेट जिले को दिया गया है।
अभी औसतन 1500 लोगों की कोरोना जांच जिले में प्रतिदिन हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सिविल सर्जन काे चाैथे लहर से बचाव के लिए तैयारी शुरू कर देने का निर्देश दिया है। उन्हाेंने वीडियाे कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभारी सिविल सर्जन डाॅ. एसपी सिंह काे ऑक्सीजन प्लांट में उत्पादन शुरू करने और वार्ड की साफ-सफाई व फिर से वहां कर्मियाें व चिकित्सकाें की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया है। अपर मुख्य सचिव के निर्देश के बाद सिविल सर्जन ने काेराेना के जिला नाेडल अधिकारी डाॅ. उपेंद्र चाैधरी समेत सभी पीएचसी प्रभारियाें से 24 घंटे के अंदर माइक्राेप्लान मांगा है।
व्यवस्था… बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में 220 बेड का कोरोना डेडीकेटेड अस्पताल फिर होगा तैयार
सीएस ने बताया कि बीबी कॉलेजिएट स्थित बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में कोरोना की पिछली लहर में 220 बेड का डेडीकेटेड अस्पताल तैयार किया गया था। यहां सभी बेड पर पाइपलाइन से ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था है। दाे-तीन दिनाें में उसे सिलेंडर से जाेड़ दिया जाएगा। इसके अलावा एसकेएमसीएच में 60 बेड तैयार करने के लिए अधीक्षक काे कहा गया है। वहीं, सदर अस्पताल में दाे ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल करने का निर्देश दिया गया है। मास्क के लिए अभियान चलाया जाएगा।
जंक्शन पर जवानों की तैनाती को लेकर रेल एसपी काे लिखा पत्र
सिविल सर्जन ने जंक्शन पर जांच काउंटर के समीप सुरक्षाकर्मी की तैनाती के लिए रेल एसपी काे पत्र लिखा है। कहा है कि ट्रेन से दूसरे प्रदेश से आने वाले यात्री स्वास्थ्यकर्मियाें के राेकने के बाद भी अपना सैंपल नहीं देते है। ऐसे में जांच काउंटराें के पास जवानाें की प्रतिनियुक्ति का अनुराेध किया है। वर्तमान में जंक्शन पर 3 काउंटर पर कोरोना जांच हाे रही है।
टॉल फ्री नंबर पर कॉल कर ले सकते हैं चिकित्सकीय सलाह
टॉल फ्री नंबर 1800-345-6629 पर फोन करने पर चिकित्सीय परामर्श, जांच की सुविधाओं की जानकारी, कोविड केयर सेंटर, डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर, कोविड अस्पतालों में इलाज की जानकारी ले सकते हैं। बीमार, लाचार, वृद्ध और गर्भवती महिलाओं के लिए उनके घर में ही जांच की व्यवस्था के अलावा अस्पताल में भर्ती करने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।



Leave a Reply