Breaking News

रोहतास में डांसर और भाई पर एसिड अटै’क, एक आंख की रोशनी गई, दूसरी भी डैमेज

रोहतास में लड़की पर तेजाब फेंकने का सनसनी मामला सामने आया है। जिसमें उसकी एक आंख की रोशनी चली गई, जबकि दूसरी डैमेज हुई है। लड़की का चेहरा बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। भविष्य में प्लास्टिक सर्जरी भी संभव नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि अब तक के मेडिकल करियर में ऐसा केस उन्होंने नहीं देखा।

युवती के शरीर का बड़ा हिस्सा तेजाब की चपेट में आया है, उसकी स्थिति गंभीर है। घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक पर अपने भाई के साथ जा रही युवती पर बदमाशों ने तेजाब फेंक दिया। इससे युवती की एक आंख की कॉर्निया बुरी तरह डैमेज हो गई है।

पीड़िता का भाई भी झुलसा

परिजनों का कहना है कि पीड़ित युवती पेशे से डांसर है और वह शनिवार रात अपने भाई के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रही थी, तभी यह घटना घटी। इधर, तेजाब कांड को लेकर शहर में तरह तरह की चर्चा हो रही है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।

युवती के साथ जा रहा भाई भी तेजाब की चपेट में आ गया, और वह भी आंशिक रूप से जल गया। दोनों घायलों को बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राह से गुजर रहे शख्स ने पत्नी को छोड़ पीड़िता को पहुंचाया अस्पताल

परिजनों का कहना है कि शनिवार रात करीब नौ बजे बाइक जैसे ही बिक्रमगंज के अनजबित सिंह कॉलेज के पास दोनों पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने युवती पर तेजाब फेंक दिया। जिससे उसका चेहरा और शरीर के कई भाग जल गए। जबकि बाइक चला रहे उसके भाई का हाथ व कमर भी जल गया। तेजाब फेंकने के बाद बाइक सवार भाग निकले। वहीं से गुजर रहे एक बुलेट सवार युवक ने पत्नी को सरेराह उतार कर पीड़िता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। भाई ने बताया कि बाइक पर दो लोग सवार थे, दोनों ने हैलमेट पहना था, पीछे बैठे युवक ने तेजाब फेंका और भाग निकले।

हेलमेट पहने थे हमलावर, नहीं पहचानते- पीड़िता का भाई

युवती के साथ उसके भाई भी झुलसा है वह खतरा से बाहर है। तेजाब कांड को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर लिया है और पुलिस कई बिंदुओं पर जांच शुरु कर दिया है। हालांकि परिजन अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। पीड़िता के जख्मी भाई ने भी कहा कि बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए पहचान नहीं पाए।

डॉक्टर बोले- बदमाशों ने चेहरे को टारगेट करके ही एसिड फेंका है

युवती का इलाज करने वाले करुणा अस्पताल के डॉ. कामेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक के मेडिकल करियर में ऐसी दरिंदगी उन्होंने नहीं देखी है। बदमाशों ने चेहरे को टारगेट करके ही एसिड फेंका है। एक आंख की कॉर्निया बुरी तरह डैमेज हो गई है। दूसरी आंख पार्शियली डैमेज है। कॉलेज के दिनों में ऐसे केस आते थे, पर चेहरे को इस तरह डैमेज करने का केस पहली बार सामने आया है। बदमाशों की मंशा चेहरा बिगाड़ने की रही होगी। जिस तरह की बर्निंग है, उससे लगता है कि टॉयलेट क्लीन करने वाले एसिड का प्रयोग किया गया होगा। युवती की आंख को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रीटमेंट जारी है। युवती के शरीर के कई अंगों पर भी एसिड पड़ा है। युवती को मेडिकल निगरानी में रखा गया है।

रोहतास में अब तक का यह तीसरा एसिड अटैक

डांसर पर एसिड अटैक जिले में यह तीसरी घटना है। इससे पहले 2017 में जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के बान्दू गांव में खिड़की से दो भाइयों पर तेजाब से हमला हुआ था। उसके बाद 24 अक्टूबर को नोखा में एक महिला पर तेजाब से हमला किया गया था। जो महिला पहले शराब के मामले में जेल गई थी। जेल से बेल पर आने के 6 माह बाद ही उस पर तेजाब से हमला कर दिया गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.