मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को हाथ जोड़कर, सिर झुकाकर प्रणाम क्या किया, विपक्ष ने इसे मुद्दा ही बना लिया। राजद के मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र ने बयान दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ऐसे झुके कि साष्टांग हो गए हों। राजद ने नीतीश कुमार के प्रणाम को विचारधारा से इस तरह जोड़ा कि आज तक लालू प्रसाद, भाजपा के आगे नहीं झुके, लेकिन नीतीश कुमार साथ नहीं जाने का संकल्प लेकर भी भाजपा के साथ चले गए। अब इसको लेकर एक पोस्टर भी पटना में लगा दिया गया है। राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रेम कुमार यादव ने यह पोस्टर वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद कार्यालय के बाहर लगाया है।
पोस्टर में लालू प्रसाद को यह कहते दिखाया है कि ‘झुकेगा नहीं’। यह पुष्पा स्टाइल वाला ‘झुकेगा नहीं’ है। लालू प्रसाद पर सीबीआई, ईडी, आरएसएस, भाजपा के लोग तीर-भाला से हल्ला बोलते हुए दिख रहे हैं। पोस्टर में नीतीश कुमार द्वारा पीएम नरेन्द्र मोदी को झुककर प्रणाम करते हुए भी दिखाया गया है। इसमें नीतीश कुमार कहते हुए दिख रहे हैं, ‘हुजूर मैं कुर्सी के लिए कुछ भी करूंगा।’ पोस्टर पर तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, राबड़ी देवी के साथ तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री की भी फोटो है।

‘नीतीश कुमार की वजह से बिहार में बढ़ रही भाजपा’
पोस्टर लगाने वाले राजद नेता प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार की राजनीति की सच्चाई लोगों तक पहुंचाने के लिए यह लगाया गया है। कहा कि लालू प्रसाद ने आज तक सांप्रदायिक शक्तियों के आगे घुटने नहीं टेके, लेकिन नीतीश कुमार ने कुर्सी के लिए सब कुछ किया। बिहार में भाजपा को बढ़ाने में नीतीश कुमार मदद कर रहे हैं। जनता सब देख रही है। देश संविधान से चलता है, आरएसएस के नियम से नहीं।



Leave a Reply