Breaking News

बिहार में पछुआ की तेज रफ्तार से लू जैसे हालात, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

राज्य के दो दर्जन से अधिक जिलों में पछुआ की रफ्तार बढ़ने और तेज धूप होने से लू जैसे हालात बने हैं। शनिवार को शेखपुरा और बांका राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां 39.3 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को पछुआ की गति अधिकतम 25 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बह सकती है।

राज्य में कई जगहों पर लू के झकोरे देखने को मिलेंगे। मध्य बिहार और झारखंड से सटे जिलों में लू जैसी परिस्थितयां रहेंगी। शनिवार को पटना सहित कई जगहों पर 12 से 14 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा बही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से राज्य के उत्तरी और पूर्वी भाग में पुरवा हवा का प्रभाव बन जाएगा। इसके बाद राज्य के अन्य हिस्सों में भी धीरे-धीरे पुरवा पैर पसारेगी, जिसके बाद तापमान में गिरावट के आसार हैं। राज्य के पूर्वी भाग में 29 और 30 मार्च को बूंदाबांदी के भी आसार जताए गए हैं।

सामान्य से पांच डिग्री तक ऊपर है अधिकतम पारा

पटना सहित राज्य में कई जगहों पर शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। पटना का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री, गया का 36.8 डिग्री, भागलपुर का 38 डिग्री, पूर्णिया का 36.4 डिग्री, जमुई का 38.3 डिग्री, बक्सर का 38.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। सामान्य से तापमान के लगातार ऊपर रहने की वजह से पटना में भी लू जैसे परिस्थितियां रहीं। भोजपुर, वैशाली, कटिहार, नालंदा और नवादा में भी सामान्य से ऊपर अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

एक हफ्ते में सामान्य के आसपास आ जाएगा पारा

बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में मौसम सिस्टम के बदलाव और एक ट्रफ लाइन के बनने से बिहार के मौसम में एक हफ्ते में बदलाव दिखेगा। पूर्वा हवा बहेगी और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास आ जाएगा। इसके भारी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.