यूपी विधानसभा चुनाव 2022 संपन्न होने के बाद बिहार में राजनीति की गति काफी तेज हो गई है। यूं तो यहां अभी एकमात्र बोचहां विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने वाला है, किंतु राजनीतिक तापमान किसी आम चुनाव से कम नहीं है। खासकर सत्ताधारी एनडीए के अंदर। राजग के दो प्रमुख दल भाजपा व वीआइपी के बीच इस सीट को लेकर खिंचतान का क्रम जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। यहां से बेबी कुमारी प्रत्याशी होंगी। कहा जा रहा है कि वे बुधवार यानी 23 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वीआइपी की ओर से भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने के दावे किए जा रहे हैं। इस स्थिति में वीआइपी के लिए एनडीए के अंदर बने रहने पर सवाल शुरू हो जाएंगे। इन तमाम घटनाक्रमों के मध्य भाजपा ने सीएम नीतीश कुमार के मंत्री मुकेश सहनी को अपने ‘पाप (यूपी चुनाव व उसके बाद भाजपा विरोध बयानबाजी)’ धोने के लिए प्रायश्चित करने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही उन्हें यह कैसे करना है, इसकी जानकारी भी दी है। अब देखना होगा कि एनडीए में खुद को बनाए रखने के लिए क्या मुकेश सहनी भाजपा के बताए गए इन उपायों पर अमल करते हैं? क्या उनके लिए अब पीछे मुड़ पाना संभव है? क्या युपी चुनाव में उतरने से पहले उन्होंने अपनी स्थिति आंकलन किया था? क्या वे यूं ही जोश-जोश में यूपी चुनाव लड़ने चले गए थे या उनकी कोई प्लानिंग थी? यदि थी तो उनकी आगे की रणनीति क्या होगी?
बिहार की राजनीति में रुचि रखने वालों के मन में मुकेश सहनी ब्रांड आफ पालीटिक्स को लेकर अभी कई सवाल हैं। वे उम्मीद कर रहे हैं कि समय के साथ ही साथ उन्हें इसका जवाब मिलता जाएगा। कुछ सवालों के जवाब तो उन्हें 24 मार्च से पहले ही मिल जाएंगे और कुछ के लिए शायद जुलाई तक इंतजार करना पड़े। इस दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मुजफ्फरपुर से भाजपा के सांसद अजय निषाद ने मुकेश सहनी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान केवल भाजपा को टारगेट करने से लेकर अब तक जो ‘पाप’ मुकेश सहनी ने किए हैं उसको धोने का समय आ गया है। इसके लिए उन्हें पश्चाताप करना होगा। उन्हें अब अपने प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने की जगह एनडीए प्रत्याशी बेबी कुमारी के लिए काम करना चाहिए। जनसंपर्क शुरू कर देना चाहिए। जैसा राजग के अन्य दल कर रहे हैं। यदि वे ऐसा करते हैं तो भाजपा का हमेशा से बड़ा दिल रहा है और पार्टी इस बार भी बड़ा दिल दिखाएगी।
अब मुकेश सहनी भाजपा के लिए कुछ करें
अजय निषाद ने याद दिलाया कि यह भाजपा का बड़ा दिल ही है कि पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान अपने कोटे से वीआइपी को 11 सीटें दीं। उनके चुनाव हार जाने के बाद भी एमएलसी बनाया और मंत्री पद पर सुशोभित किया। अब समय आ गया है कि मुकेश सहनी भाजपा के लिए कुछ करें। उसके प्रत्याशी को चुनाव में विजयी बनाने के लिए काम करें। बेबी कुमारी के प्रत्याशी घोषित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एक दिन में फैसला नहीं किया गया है। मंडल स्तरीय व जिला स्तरीय समिति के सारे पदाधिकारी और कार्यकर्ता की इच्छा के अनुरूप ही पार्टी ने निर्णय लिया है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दें। वैसे पहले से ही वहां जनसंपर्क अभियान चल रहा है। नामांकन के बाद इस काम में और गति आने की उम्मीद की जा रही है।




Leave a Reply