उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक बहुमत के बाद योगी आदित्यनाथ भारी हुजूम के बीच लखनऊ दफ्तर पहुंचे। करीब पौने छह बजे वे मंच पर पहुंचे और साथी मंत्रियों-पदाधिकारियों के साथ गले मिले और जमकर गुलाल उड़ाया। विजयी भाषण भी दिया। बोले- जब मोदी जी जैसा नेतृत्व हो तो ऐसा ही प्रचंड बहुमत मिलता है। विजयी उल्लास से शुरू हुआ ये 30 मिनट का कार्यक्रम जय श्री राम के नारों के साथ खत्म हुआ। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिल्ली भाजपा मुख्यालय में स्पीच देंगे।
योगी भी थोड़ी देर में दिल्ली रवाना होंगे। लखनऊ में 10 मिनट के संक्षिप्त भाषण में योगी बोले- भाजपा ने चार राज्यों में चुनाव जीते हैं। उत्तर प्रदेश पर विशेष रूप से देश और दुनिया की निगाहें थीं। जब मोदी जी कोरोना और भ्रष्टाचार से लड़ रहे थे, तब कुछ लोग भ्रामक प्रचार कर रहे थे। मतगणना के बारे में भ्रामक बातें कही जा रही थीं। उत्तर प्रदेश की जनता ने उस प्रचार को झुठलाते हुए भाजपा को बहुमत दिया है। जनता का आभार। ये बहुमत राष्ट्रवाद, सुरक्षा, विकास और सुशासन के मॉडल को जनता का आशीर्वाद है।
भाजपा अब तक 155 सीटों पर जीत चुकी है और 115 पर आगे चल रही है। सपा 91 सीटें जीत चुकी है और 37 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस और बसपा का बुरा हाल है। कांग्रेस ने एक सीट जीती है और एक पर आगे है। वहीं, बसपा ने एक सीट पर ही बढ़त बना रखी है।

- योगी के उत्तराखंड स्थित गांव पंचूर में परिवार और ग्रामीणों ने मिठाई बांटी। यह गांव पौड़ी गढ़वाल में स्थित है।
- प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से कांग्रेस की आराधना मिश्रा ने जीत दर्ज की है। यूपी में कांग्रेस की यह पहली सीट है, जिस पर जीत मिली है।
- राजा भैया के जनसत्ता दल के विनोद कुमार ने प्रतापगढ़ की बाबागंज विधानसभा सीट से जीत हासिल की है।
- बहराइच जिले की नानपारा विधानसभा सीट से अपना दल के राम निवास वर्मा जीते हैं।
- रायबरेली सदर सीट से अदिति सिंह ने 9 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। वह चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई थी। इस सीट पर राहुल-प्रियंका दोनों ने प्रचार किया था। बावजूद इसके कांग्रेस अपना गढ़ नहीं बचा सकी।
- मेरठ की सरधना सीट से बीजेपी के संगीत सोम चुनाव हार गए हैं।
- अखिलेश यादव करहल से और उनके चाचा शिवपाल यादव जसवंत नगर से चुनाव जीत गए हैं। इस जीत से पहले अखिलेश ने ट्वीट किया था- इम्तिहान बाकी है हौसलों का, वक्त आ गया है फैसलों का।
दिग्गजों के किले हुए ध्वस्त, कांग्रेस अध्यक्ष भी हारे
चुनाव से पहले अखिलेश का हाथ थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर में हार गए। TET पेपर लीक में घिरे योगी के मंत्री सतीश द्विवेदी सिद्धार्थनगर की इटवा सीट नहीं जीत पाए। कैराना में भी भाजपा को हार मिली, यहां सपा के नाहिद हसन जीते। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू को कुशीनगर में हार मिली।
सिराथू में काउंटिंग रोक दी गई, यहां डिप्टी सीएम मौर्य पीछे
सिराथू में काउंटिंग रोक दी गई है। यहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य 4 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां 2 राउंड की गिनती बाकी है। बागपत में भाजपा प्रत्याशी के बाद हिंसा भड़क उठी। यहां रालोद कार्यकर्ताओं ने काउंटिंग में धांधली की शिकायत की है। उग्र कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।



Leave a Reply