Breaking News

चंदू और सलोनी ने 100 की रफ्तार में दानापुर-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस काे दौड़ाया

समस्तीपुर रेलमंडल में मंगलवार को सबकुछ बदला-बदला सा था। परिचालन, चेकिंग के अलावा सुरक्षा की कमान महिलाओं के हाथों में थी। दानापुर-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस को 100 की रफ्तार में लोको पायलट चंदू कुमारी और सहायक सलोनी ने चलाया। रेलमंडल प्रशासन ने 100 की स्पीड से धूल उड़ाती चल रही ट्रेन का वीडियो अपनी साइट पर शेयर किया है।

इस ट्रेन में पहली बार महिला टीटीई संगीता कुमारी ने यात्रियों से कहा- टिकट प्लीज। ट्रेन को आगे बढ़ाने का सिगनल गार्ड दीपा कुमारी दे रही थी। मौका था अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बनाने का। रेलवे मंडल में एक साथ सभी क्षेत्रों में कमान संभालने के लिए महिलाओं को आगे किया।

चालक, टीटीई, गार्ड के अलावा पोटर ज्योति शर्मा, प्वाइंट मैन रेखा कुमारी, ट्रेन में कैरेज कर्मी शीला देवी, हीरा देवी, ननकी देवी व अनिता देवी को तैनात किया गया। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष तौर पर महिला सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया था। आरपीएफ की अनीता मीना, कांति मीना, शुभव कुमारी व संगीता कुमार की तैनाती की गई थी। इस ट्रेन को स्थानीय स्टेशन पर डीआरएम आलोक अग्रवाल ने झंडी दिखा कर रवाना किया। स्टेशन समेत विभिन्न जगहों पर महिलाकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

दानापुर में महिला क्रू-मेंबरों ने संभाली ट्रेन की कमान

पटना/हाजीपुर| अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय समेत सभी पांचों मंडलों में कई कार्यक्रम हुए। दानापुर, समस्तीपुर व धनबाद मंडल में महिला रेलकर्मियों ने ट्रेनों का परिचालन एवं विभिन्न कार्याें को निष्पादित किया। सोनपुर एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडलों में महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक ने महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें फुटबॉलर संजू, अंजू तमंग, रश्मि कुमारी, सस्मिता साइन एवं महिला फुटबॉल कोच अंशा तथा बॉस्केटबॉल खिलाड़ी लिथारा केसी शामिल रहीं। दानापुर मंडल में महिला क्रू मेंबरों ने पटना-सासाराम पैसेंजर स्पेशल (03611) का परिचालन किया। लोको पायलट गुड्डी कुमारी व सहायक रिचा कुमारी, गार्ड निवेदिता पुष्कर गार्ड ने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.