बिहार विधान मंडल के बजट सत्र का तीसरा दिन कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान आज नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार में अपराध का आंकड़ा घटा है। इस दौरान उन्होंने हर थाने में 1 महिला पुलिस अधिकारी को नियुक्त करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि 2021 के आंकड़ों के मुताबिक 2020 की तुलना में हत्या के मामलों में 11.14%, दंगा में 33.16%, दहेज हत्या में 4.4% की कमी आई है। वहीं, 2005 में फिरौती के 251 कांड दर्ज हुए थे जबकि 2021 में मात्र 37 कांड दर्ज हुए। उन्होंने बताया कि 2005 में हत्या के 3423 कांड दर्ज हुए थे, वहीं अब 2799 कांड दर्ज हुए हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि आबादी के साथ हत्या और फिरौती के मामले कम हुए हैं। महिला के खिलाफ अपराध राष्ट्रीय अपराध दर से भी कम हुआ है। इसके कारण राष्ट्रीय औसत में भी कमी आई है। राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के खिलाफ अपराध का दर जहां 56.5% है वहीं बिहार में 26.3% है। इसके लिए हमने 25 हजार से ज्यादा महिला पुलिस को बहाल किया है। किसी राज्य में बिहार इतनी बड़ी संख्या में महिला पुलिस तैनात नहीं है। अब हर थाने में 1 महिला पुलिस अधिकारी की भी नियुक्ति होगी।
तेजस्वी ने कहा- अधिकार छीने तो शाहनवाज जी वोटिंग नहीं कर सकेंगे
इधर, आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सदन की कार्यवाही में भाग लेने पहुंचे। बीते सोमवार को बजट पेश होने के दिन नेता प्रतिपक्ष मौजूद नहीं थे। विधान सभा में तेजस्वी यादव ने कहा कि आजकल देशभक्ति का सर्टिफिकेट दिया जा रहा है। मुसलमानों से वोटिंग का अधिकार छीनने की बात सत्ता पक्ष के एक विधायक ने की है। देश की आजादी में सभी ने अपनी कुर्बानी दी है, लेकिन आरएसएस वालों ने नहीं दी। बिहार ही वह धरती है जहां आडवाणी को गिरफ्तार किया गया। किसी माई के लाल में ताकत नहीं जो मुसलमानों से उनका अधिकार छीन ले।
उन्होंने कहा कि शाहनवाज जी आप वोट नहीं दे पाएंगे। बिहार के चीफ सेक्रेटरी से वोटिंग का अधिकार छीन लिया जाएगा। तेजस्वी यादव की बात सुनकर शाहनवाज हुसैन उठे और कहा कि नागरिकता का अधिकार लेने का अधिकार किसी को नहीं है। इस पर राजद विधायक सुरेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश के लिए खतरा है। यह कहना था कि उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद उठ खड़े हुए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े होने पर गर्व है। मामला जब काफी गरमा गया तब विधानसभा अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक बुलाई।
इस दौरान तेजस्वी ने सवाल किया कि अब तक जाति जनगणना पर सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं हुई? 6 हजार जेई की बहाली की प्रक्रिया तीन साल बाद भी क्यों पूरी नहीं हुई?

सदन शुरू होने के पहले बाहर में प्रदर्शन करते विधायक।
विधान सभा के अपडेट्स
आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही भाकपा-माले के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने किसानों की हकमारी का सवाल उठाया। फिर कहा कि बिहार सरकार ठीक से शराबबंदी लागू नहीं कर पा रही है। अगर सरकार शराबबंदी नहीं कर पा रही है तो शराब को पूरी तरह से चालू कर दे। उसकी दोगुनी और तीन गुनी कीमत निर्धारित कर दे। उस पैसे का इस्तेमाल सरकार कल कारखाने लगाने में करे।
इसके बाद विधानसभा में विधायक अजय कुमार समेत कई विधायकों ने आरोप लगाया कि सड़क से जुड़े सवाल पूछे गए और विभाग मंत्री को गलत जवाब दे रहा है।
इस दौरान सत्यदेव राम, महबूब आलम, महानंद सिंह, अजय कुमार, मनोज मंजिल, रामबली सिंह यादव, अरुण सिंह, अवध बिहारी चौधरी, आलोक कुमार मेहता, अमरजीत कुशवाहा और अजीत शर्मा कार्य स्थगन प्रस्ताव लेकर भी आए। हालांकि, इन सभी के प्रस्ताव को विधानसभा अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद सभी विपक्षी सदस्य खड़े हो गए और विरोध दर्ज करने लगे। माले विधायक दल के नेता महबूब आलम विरोध करते करते सभा के वेल में आ गए। उन्होंने बेलागंज का मामला उठाया और कहा कि पुलिस पर पीड़िता के पिता को भरोसा नहीं है। उसके पिता को दबंग के बाप के पास जाना पड़ता है। जवाब में दो दिन बाद बेटी की लाश मिलती है।
विधान परिषद के अपडेट्स
- बिहार विधान परिषद में एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में इसकी चर्चा कहीं नहीं थी कि 19 लाख रोजगार देने का सरकार ने वादा किया था। वह जुमला था? पुलिस की बहाली पर भी सुनील कुमार सिंह ने सवाल उठाया। कहा आज के शिक्षक स्कूल में अंडा खिलाने और मिड डे मील बांटने में लगे हुए हैं। खुले में शौच करने वालों को खोजने में लगा दिया। अब शिक्षकों से शराबियों को ढूंढवा रही है।
- सुनील कुमार सिंह अपने साथ गीता लेकर आए थे। बार-बार गीता पर हाथ रखकर बयान दे रहे थे।
- बिहार विधान परिषद में एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पटना में 4500 मेनहोल के ढक्कन खराब पड़े हैं। यह बहुत खतरनाक है। उन्होंने बिहटा में औद्योगिक पार्क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण में मुआवजे का फर्जी भुगतान करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार इसकी आर्थिक अपराध इकाई से जांच करवाएगी क्या? इसके जवाब में मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि मामले की जांच करा कर अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी।
- एमएलसी प्रोफेसर संजय कुमार सिंह ने शिक्षकों को पुरानी पेंशन स्कीम से जोड़ने की मांग की।
- विधान परिषद में राजद के एमएलसी रामचंद्र पूर्वे ने पटना नगर निगम के अंतर्गत लगाए गए शौचालयों का मामला उठाया। कहा कि ज्यादातर शौचालय बंद रहते हैं और नियमित साफ-सफाई भी नहीं होती है। इसके जवाब में नगर आवास मंत्री तार किशोर प्रसाद ने सफाई दी। तभी जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने मजाकिया लहजे में कहा कि रामचंद्र पूर्वे जी इस तरह शौचालय क्यों देखते रहते हैं? इसी बीच कांग्रेस के नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने भी कहा कि शौचालयों की ठीक से साफ सफाई नहीं हो रही।
- कई तरह की मजाकिया टीका टिप्पणियों के बाद तार किशोर प्रसाद ने कहा कि हम शौचालयों को दिखवा लेते हैं। अब विधान परिषद के सभापति ने कहा कि जिस समय शौचालय में कोई बैठा हो तब मत दिखवाइएगा।
- विधान परिषद की कार्यवाही में दोनों डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी, मंत्री अशोक चौधरी, रामसूरत राय, शाहनवाज हुसैन, लेसी सिंह, नारायण प्रसाद, जमा खां और विजेंद्र चौधरी शामिल हुए।
- इसमें सबसे पहले सत्तापक्ष ने तेलगाना के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बिहारियों के ऊपर दिए गए बयान पर सवाल उठाया। इसे लेकर परिषद में कांग्रेसियों के साथ JDU-BJP नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इस बीच सभापति ने राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के बयान का उदाहरण देते हुए हंगामे को शांत कराया।



Leave a Reply