Breaking News

गर्मी में ज’हरीली होती जा रही पटना की हवा

गर्मी के साथ ही अब पटना की हवा भी और जहरीली होती जा रही है। सोमवार की सुबह पटना का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और एयर क्वालिटी इंडेक्स रेड जोन में 320 पहुंच गया। गर्मी के साथ हवा में घुलता जहर सेहत के लिए काफी खतरनाक है। इससे सांस के रोगियों की समस्या बढ़ने के साथ सामान्य लोगों की सेहत पर भी बड़ा असर पड़ेगा। मौसम विभाग ने अब रात और दिन के तापमान के बीच के अंतर कम होने का पूर्वानुमान जताया है जिससे गर्मी के साथ प्रदूषण भी बढ़ेगा।

जानिए गर्मी का प्रदूषण से कनेक्शन

पर्यावरण के लिए काम करने वाले संजय पांडेय बताते हैं कि गर्मी के साथ प्रदूषण बढ़ने का कई बड़े कारण है। एक तो पेड़ों की कटाई हो गई है जिससे शहरों में गर्मी के साथ ही प्रदूषण बढ़ जाता है। दूसरा कारण है कि शहर की गंदगी तेज धूप और गर्मी से जब सूखती है तो वह हवा के साथ उड़ती है। धूल के साथ प्रदूषण का जहर हवा में घुलता है जिस कारण से भी खतरनाक कण सांस के लिए जहर बनते हैं। पटना के कई ऐसे इलाके हैं जहां प्रदूषण को लेकर काम नहीं किया जा रहा है, इस कारण से इन इलाकों में सबसे अधिक खतरा है। संजय का कहना है कि गर्मी के साथ प्रदूषण के बढ़ने का मामला भी बढ़ता जा रहा है। इससे बचने के लिए लोगों को मास्क का प्रयोग करना चाहिए। मास्क कोरोना के साथ प्रदूषण से बचाने में सहायक होगा।

अचानक से सांस के रोगियों की संख्या बढ़ी

पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के चेस्ट रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मनीष का कहना है के गर्मी के दिन में अचानक से सांस के नए रोगियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। ओपीडी में पुराने मरीजों के साथ नए मरीजों की संख्या बढ़ी है। आंकड़ों की बात करें तो एक दिन की ओपीडी में 25 नए मरीज होते हैं, जिन्हें सांस को लेकर समस्या है। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर वह पहुंच रहे हैं। डॉ मनीष का कहना है कि प्रदूषण के कारण लोगों को बचाव करना होगा। हवा में प्रदूषण के कारण सीधा असर चेस्ट पर पड़ता है, इससे सांस लेने में तकलीफ के साथ चेस्ट इंफेक्शन के मामले बढ़ते हैं। खान पान में ध्यान रखना और व्यायाम एक्सरसाइज करने के साथ सावधानी से ही इस समस्या से बचा जा सकता है।

जानिए पटना में कहां कितनी खराब हवा

IGSC प्लेंटोरियम – 284

मुरादपुर – 214

राजवंशी नबर – 288

समनपुरा – 136

DRM ऑफिस दानापुर – 281

शिकारपुर – 263

रात और दिन के तापमान का कम हो रहा अंतर

मौसम विभाग के मुताबिक विगत 24 घंटे में राज्य के दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व भाग के एक दो स्थानों पर एवं दक्षिण पश्चिम के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। भभुआ, डेहरी, शेखपुरा, मोहनिया, नवादा प्रमुख है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। दक्षिण भाग के एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के सरथ बिजली चमकी है। बिहार का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5 भगवानपुर में दर्ज किया गया जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस वैशाली में दर्ज किया गया। अब दिन और रात के तापमान का अंतर धीरे धीरे कम हो रहा है जिससे गर्मी बढ़ेगी।

10 किमी प्रति घंटे की हवा से उड़ेगा कण

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सतह से 1.5 किलो मीटर तक पछुआ एवं उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बना हुआ है। इसकी गति 8 से 10 किमी प्रति घंटे की है। हवा में कण उड़ने का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 फरवरी से अगले 4 दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा, रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.