चेन्नई. यूक्रेन पर रूस ने (Ukraine-Russia War) हमला कर दिया है. यूक्रेन के हालात तनावपूर्ण हैं. लोग अपना घर छोड़कर जा रहे हैं. भारतीय भी देश लौट रहे हैं. हालांकि अभी भी काफी भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए हैं. इनमें पूर्व राष्ट्रीय रैपिड शतरंज चैंपियन अन्वेश उपाध्याय भी शामिल हैं और वह स्वदेश लौटने के लिये बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अन्वेश अपने अपार्टमेंट में अकेले हैं और डरे हुए हैं. कीव के एक अस्पताल में ‘गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी’ (पेट और आंत के विकार से संबंधित) की ट्रेनिंग ले रहे 30 साल के अन्वेश ने मार्च में भारत लौटने की योजना बनाई थी, लेकिन रूस ने बीते दिनों ही सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे उड़ान निलंबित हो गयी हैं और उन्हें नहीं पता कि आगे क्या होगा.
साल 2017 के राष्ट्रीय रैपिड शतरंज चैंपियन ने कीव से पीटीआई से कहा कि इस तरह की कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी. यह पूरी तरह से सैन्य हमला है. इसकी उम्मीद नहीं की थी. अन्वेश ने कहा कि यूक्रेन में करीब 20 हजार भारतीय हैं और इसमें से करीब 4 हजार पिछले कुछ दिनों में वापस लौट चुके हैं. उन्होंने भुवनेश्वर में रह रहे अपने परिवार के बारे में बात करते हुए कहा कि भारत में मेरे माता पिता काफी चिंतित हैं, इसलिये मैंने मार्च के पहले हफ्ते में जाने की योजना बनायी थी.
उन्होंने कहा कि वे मुझे लगातार बुला रहे थे और मेरे स्कूल के कुछ टीचर्स भी. मैं यहां अपने अपार्टमेंट में अकेला हूं. नहीं जानता कि क्या होगा. यह हमला अचानक हो गया. इसलिये कुछ नहीं कर सका. अन्वेश ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले यूक्रेन से रवाना होने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें उड़ान के टिकट नहीं मिले.
साथ ही उन्होंने कहा कि तनाव बढ़ने के बाद उन्होंने अपने ऑफिस के शीर्ष अधिकारियों से स्वदेश लौटने की अनुमति ले ली थी. उन्होंने कहा कि अब वह यूक्रेन में भारतीय दूतावास के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं. अन्वेश ने कहा कि अभी दूतावास उचित कदम उठा रहा है कि सुरक्षित वापस लौट सकें, लेकिन हम यह अनदेखी नहीं कर सकते कि हालात मुश्किल हैं. इसलिये संयम से इंतजार कर रहे हैं.



Leave a Reply