बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के उस फैसले की सराहना की है जिसमें यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष विमान भेजा जा रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही सैन्य कार्रवाई के कारण वहां मेडिकल की पढ़ाई कर रहे कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं।
नीतीश कुमार ने ट्विटर पर लिखा, ‘केंद्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष विमान भेजने का फैसला लिया है। इसके लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद। कल यूक्रेन से बिहारवासियों को भी लेकर दो विमानों के मुंबई और दिल्ली में लैंड करने की सूचना मिली है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि वहां से बिहार आने वाले लोगों का संपूर्ण किराया राज्य सरकार देगी।
सीएम नीतीश ने कहा, ‘यूक्रेन में जारी वर्तमान संकट के मद्देनजर वहां फंसे बिहारवासियों को बिहार लाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बिहार के स्थानिक आयुक्त को विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से समन्वय कर समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।’ यूक्रेन की राजधानी में कई विस्फोट हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि रूसी सैन्य अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।

दोनों देशों के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के दो क्षेत्रों- डोनेट्स्क और लुहान्स्क को स्वतंत्र संस्थाओं के रूप में मान्यता दे दी। सोवियत संघ के विघटन के बाद यूक्रेन को 1991 में स्वतंत्रता मिली थी। यूक्रेन में चल रहे संकट के बीच, एयर इंडिया सहित कई एयरलाइंस भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से वापस लाने के लिए संचालित की जा रही हैं। आने वाले दिनों में भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से वापस लाने के लिए और उड़ानों का संचालन किया जाएगा।



Leave a Reply