बिहार में 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है। पछुआ हवा की रफ्तार में कमी आने के बाद गर्मी का प्रभाव थोड़ा अधिक हो जाएगा। हवा के प्रभाव के बाद भी गया राज्य का सबसे ठंडा और बक्सर में सबसे अधिक गर्मी वाला शहर रहा है।
गया में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री जबकि बक्सर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मौसम का जो सिस्टम बना है, इससे यह पता चल रहा है कि आने वाले 5 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
जानिए 24 घंटे में राज्य का कैसा रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में राज्य के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है। रात के तापमान में आंशिक परिवर्तन देखने को मिला है। इस दौरान 24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया, जबकि राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस बक्सर में दर्ज किया गया, राज्य में औसत अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आस पास ही रहा। मौसम विभाग का कहना है कि गया में ठंडा और बक्सर में गर्मी बढ़ी है।
5 दिनों तक पछुआ का दिखेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि अभी भी पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह राज्य में हो रहा है। सतह से 1.5 किलो मीटर तक 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं थोड़ा ठंड का एहसास करा रही हैं। पछुआ और उत्तर पछुआ हवा के प्रभाव से अगले 5 दिनों तक राज्य का मौसम आम तौर पर शुष्क बना रहेगा। इस दौरान आसमान भी पूरी तरह से साफ रहेगा। रात के तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं बन रही है।



Comment here