फरवरी में प्यार के कई किस्से सामने आते हैं। प्रेमी जोड़े ही इसे खास बनाते हैं। बिहार के मुंगेर में भी एक प्रेमी जोड़े ने जब शादी रचाई तो पूरे इलाके में चर्चा होने लगी। क्योंकि, इस शादी में दुल्हन विदेशी थी तो दूल्हा देसी। मुंगेर के रणवीर कुमार से शादी करने के लिए फ्रांस की शर्लिन अपने परिवार के साथ पहुंची। वह वेलेंटाइन वीक में शादी करना चाहती थी। लेकिन, फ्रांस से आने पर रांची में 7 दिन क्वारेंटाइन रहना पड़ा। इसके बाद मुंगेर पहुंची तो रजिस्टार ऑफिस में शुक्रवार को परिजन के सामने अपने प्यार रणवीर से शादी की।
दरअसल, दूल्हा रणवीर कुमार ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के मुंगरौरा मस्जिद गली का रहने वाला है। वह चेन्नई से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद फ्रांस चला गया था। 2015 फ्रांस में ही पढ़ाई के दौरान वहां की शार्लिन से प्यार हो गया। शार्लिन रणवीर के कॉलेज के पास लिसा ग्राफिक्स कॉलेज में ग्राफिक्स डिजाइनर की पढ़ाई कर रही थी। दोनों का कॉलेज कैंपस पास था। इस दौरान ही दोनों ने पूरी जिंदगी साथ रहने का एक दूसरे से वादा किया।

कोरोना की वजह से रणवीर से मिल नहीं पा रही थी शार्लिन।
प्यार पर कोरोना का पहरा
कोरोना की पहली लहर में लॉकडाउन होने पर रणवीर 2020 में वापस भारत लौट आया। पिछले 2 साल से शार्लिन फ्रांस में रणवीर के आने का इंतजार करती रही। लेकिन, लगातार कोरोना लहर की वजह से वह जा नहीं सका। इसके बाद शार्लिन ने पहले अपने परिवार को भारत आने के लिए मनाया। पूरी बात बताई कि वह भारत के लड़के से प्यार करती है और शादी करना चाहती है। परिवार से सहमति मिलने के बाद मां और पापा के साथ 10 फरवरी को फ्रांस से रांची पहुंची।

शादी के बाद दुल्हन को मिठाई खिलाता दूल्हा रणवीर।
विदेशी दुल्हन को देखने उमड़ी भीड़
दोनों परिवार की मंजूरी मिलने के बाद मुंगेर रजिस्टार ऑफिस में शादी की अर्जी दी गई। 18 फरवरी 2022 की तारीख निश्चित हुई। दोनों का परिवार का शुक्रवार को कोर्ट मैरिज करने के लिए निबंधन कार्यालय पहुंचे। निबंधन पदाधिकारी सत्य नारायण चौधरी के सामने दोनों की शादी संपन्न हुई। इसके बाद रजिस्टार उमेश चंद्र चौधरी ने पूरा डॉक्यूमेंट्स देखने के बाद इस शादी पर अपनी मुहर लगा दी। इस दौरान दूल्हा रणवीर कुमार के कई दोस्त भी मौजूद रहे। वहीं, कोर्ट परिसर में विदेशी दुल्हन को देखने के लिए भीड़ भी लग गई।

निबंधन कार्यालय से शादी पूरी होने के बाद कागजात दिखाते शार्लिन और रणवीर।
अब हिंदू रीति रिवाज से होगी शादी
कोर्ट मैरिज के बाद इनका अरेंज मैरिज भी होगा। इसको लेकर विदेशी दुल्हन शार्लिन ने बताया कि मैंने भारतीय से प्यार किया है तो भारतीय रीति रिवाज ही मेरे अपने रीति रिवाज होंगे। साथ ही भारतीय रीति-रिवाज से शादी करने पर सहमति जताई । इसको लेकर दूल्हा के दोस्त सोनू मंडल ने बताया कि रिंग सेरेमनी के साथ शुरुआत होगी। इसके बाद दोनों की शादी धूमधाम से की जाएगी।



Leave a Reply