Breaking News

चन्नी पर बोले CM नीतीश- कांग्रेस पता नहीं कैसे-कैसे लोग को बना देती है CM उम्मीदवार

CM नीतीश कुमार एक बार फिर पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी पर भड़क गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। कांग्रेस के फैसले पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने कहा, ‘पता नहीं लोग कैसे-कैसे लोगों को CM का उम्मीदवार बना देते हैं।’

बता दें, नीतीश कुमार इन दिनों दिल्ली प्रवास पर हैं। आंखों के इलाज के साथ-साथ वे सुशील मोदी के बेटे की शादी में भी शिरकत करेंगे। इसी दौरान जब पत्रकारों ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा, ‘बिहार का रिश्ता पंजाब से अटूट है। जो लोग इस तरह का बयान देते हैं उन लोगों से पूछ लीजिए कि जब प्रकाश पर्व मनाया गया था तो बिहार में किस तरह से सिख समुदाय का स्वागत किया गया था।’

बिहार में आस्था रखते हैं पंजाब के लोग

CM ने कहा, ‘चन्नी का बयान बिल्कुल गलत है। बिहार के बहुत लोग पंजाब में रहते हैं। पंजाब की सेवा करते हैं। कोई विदेश जाता है तो वहां के लोगों के लिए काम करता है। बिहार का महत्व काफी है। गुरु गोविंद सिंह का जन्म बिहार में हुआ था। हर साल बड़ी संख्या में पंजाब से लोग आते हैं। वहां पंजाब समुदाय के लोग पूजा करते हैं। आस्था रखते हैं। सम्मान प्रकट करते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘जब 350वां प्रकाश उत्सव हुआ था। याद है न, कितना बड़ा कार्यक्रम हुआ था। इसके बाद लगातार कार्यक्रम हो रहा है। पंजाब के लोग काफी प्रसन्न हुए थे। पता नहीं चन्नी किस तरह के व्यक्ति हैं। उनकी पार्टी ने ऐसे लोगों को क्यों मौका दे दिया, पता नहीं। यह कुछ जानते ही नहीं है। इनको मालूम ही नहीं है बिहार से पंजाब के लोगों का प्रेम का भाव है, आदर का भाव है।’

चन्नी को कुछ पता नहीं, कितना महत्व है बिहार का

उन्होंने कहा, ‘मैंने राजगीर में भी गुरुनानक जी महाराज से संबंधित कार्यक्रम किया था। वह वहां भी गए थे, वहां भी हम गुरुद्वारा बनवा रहे हैं। कितने लोग आते हैं। चन्नी को कुछ पता ही नहीं है कि कितना महत्व है बिहार का। इनको पता नहीं है कितना बड़ा लगाव है पंजाब का बिहार से। इसलिए यह अपना नुकसान कर लिए हैं।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.