डोरंडा कोषागार से निकासी के मामले में CBI की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद को दोषी करार दिया है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी को कोर्ट के फैसले का पालन करना चाहिए। यह कोई अंतिम फैसला नहीं है। हम लोग हर केस में हाईकोर्ट गए हैं। लालू जी जरूर बरी होंगे। हाईकोर्ट के ऊपर सुप्रीम कोर्ट है। कई बार ऐसा होता है कि हाईकोर्ट का फैसला सुप्रीम कोर्ट में पलट जाता है। देश की जनता देख रही है कि आजादी जब से मिली है तब से लेकर अब तक एक ही घोटाला हुआ है। अन्य कोई घोटाला हुआ ही नहीं है।
80 घोटाले हुए नीतीश कुमार के काल में किस मंत्री-अफसर को सजा हुई?
तेजस्वी ने कहा कि चारा घोटाला का केस एक था, उसको बांट दिया गया, अलग-अलग कितनी बार सजा देंगे? देश की जनता जान रही है कि गरीबों के मसीहा को सजा किस कारण से मिल रही है। जेल तो गरीब और गरीब के नेता ही गए हैं, जो अमीर लोग हैं या बड़े लोगों के नेता कभी जेल गए हैं क्या? बिहार में 80 घोटाले नीतीश कुमार के काल में हो गए हैं पर कहां कोई मंत्री या अधिकारी जेल गया है। ये सब कुछ हम लोग देख रहे हैं।
जनता की अदालत में लालू प्रसाद कभी गुनहगार नहीं
तेजस्वी ने कहा कि विजय माल्या हो, चौकसी हों, ललित मोदी हों, नीरव मोदी हों या दो दिन पहले जो 23 हजार रुपए लेकर गुजरात के लोग भागे उन पर कहां कार्रवाई हो सकती है। सब लोग जानते हैं कि सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स भाजपा के प्रकोष्ठ के रुप में काम कर रहे हैं। जनता की अदालत सबसे बड़ी है। जनता की अदालत में लालू प्रसाद कभी गुनहगार नहीं रहे। सबसे बड़ी पार्टी राजद है। यह समाजवादियों की पार्टी है। अमनचैन एकता पसंद की पार्टी है।
जस करना तस भरनी वाला बयान सुशील मोदी ने अपने बारे में दिया, देख लीजिए वे कहां हैं ?
उन्होंने कहा कि इसमें किसी को निराश होने की किसी को जरूरत नहीं है। हमें ऊपरी अदालत से उम्मीद है कि लालू जी को न्याय जरूर मिलेगा। कहा कि हम पर जब मुकदमा हो गया चार्जशीटेड हो गए, कैसे हो गए? कहा कि ट्रेजरी का मालिक डीएम होता है। लालू जी के आदेश पर ही जांच हुई थी और सीबीआई को केस सौंपा था। अब कौन क्या किया नहीं किया गया केवल मुख्यमंत्री गुनाहगार पाया गया। सुशील मोदी के जस करनी तस भरनी वाले बयान पर तेजस्वी ने कहा कि ये बयान अपने बारे में दे रहे होंगे। आज वे कहां हैं ? कहा कि सुशील मोदी का बयान न सुशील मोदी को समझ में आता है और न किसी अन्य को।



Leave a Reply