प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UP विधानसभा चुनाव से पहले दिए इंटरव्यू में एक साथ बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों को साध लिया। अपने इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महान समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया और जॉर्ज फर्नांडिस के समकक्ष लाकर खड़ा कर दिया। अब जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश कुमार को इतना बड़ा ओहदा दे रहे हैं तो फिर बीजेपी और जेडीयू के दूसरे नेता अपनी तल्खी को भुलाकर अपने बड़े नेताओं की तारीफ में जुट गए हैं।
दरअसल, UP चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी ने इंटरव्यू दिया। इसमें परिवारवाद पर जमकर हमला बोला। PM ने मुलायम सिंह यादव के परिवार पर हमला बोलते हुए यह कहा कि राम मनोहर लोहिया ऐसे समाजवादी महान नेता थे जिनका कोई भी परिवार राजनीति में नहीं है। वैसे ही जॉर्ज फर्नांडिस थे। जिनका कोई भी पारिवारिक सदस्य राजनीति में नहीं है और नीतीश कुमार भी उसी तरह के नेता हैं और उन्होंने भी अपने परिवार को राजनीति से अलग रखा है। नरेंद्र मोदी के इतना कहने के बाद अब JDU और BJP के नेता नीतीश कुमार को समाजवाद का सबसे बड़ा नेता बताने लगे।

जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी को दिया धन्यवाद।
BJP और JDU के नेताओं के बीच नहीं दिख रही तल्खी
विशेष राज्य दर्जा पर पिछले दिनों दिनों बीजेपी और JDU के नेताओं के बीच में जो तल्खी हुई थी, अब वह तल्खी नहीं दिख रही है। JDU के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने लगे तो BJP के नेता नीतीश कुमार के समाजवाद का उदाहरण देने लगे हैं। JDU के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार कहते हैं कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवारवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे जो राजनीति में संक्रमण के रूप में फैल रहा है। ऐसी स्थिति में डॉ. राम मनोहर लोहिया, जॉर्ज फर्नांडीज और वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धि की चर्चा करके राजनीति को एक नया आयाम दिया है।
यह महत्वपूर्ण इसलिए भी है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास और समाज में बगैर तनाव पैदा किए बिहार जैसे पिछड़े राज्य के लोगों की आकांक्षा पूरा करने का जो भागीरथी प्रयास किया है, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान से सच की तरह प्रकट हुआ है। वैसे लोग जो जो नीतीश कुमार के कार्य नीति के संदर्भ में सुविधा के अनुसार तर्क और कुतर्क देते हैं वह आइना की तरह साफ हो जाना चाहिए।
BJP प्रवक्ता बोले- नीतीश के बारे में जो कहा वह सच है
वहीं, BJP प्रवक्ता अरविंद सिंह कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में जो कहा है वह सौ फीसदी सच कहा है। समाजवाद का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक अभूतपूर्व उदाहरण है। वर्तमान राजनीति में नीतीश कुमार एक मात्र समाजवादी नेता है जिन्होंने अपने परिवार राजनीति से अलग रख कर उदाहरण पेश किया है। जबकि उसी समाजवाद की उपज मुलायम सिंह यादव और लालू प्रसाद यादव हैं।
ये दोनों नेता परिवारवाद के उदाहरण बन गए है। यह दोनों नेता संपत्ति हड़प और भ्रष्टाचार के उदाहरण बन गए हैं। इन दोनों नेताओं ने समाजवाद के आत्मा को निचोड़ कर रख दिया है।



Leave a Reply