Breaking News

बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक को उमड़े श्रद्धालु, 30 दिनों के बाद फिर से लौटी रौनक

मुजफ्फरपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में सोमवार सुबह से जलाभिषेक को लेकर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। 30 दिनों के बाद एक बार फिर से मंदिर में रौनक और चहल-पहल लौट आई। 6 जनवरी को कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए धार्मिक स्थलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद सभी धार्मिक स्थलों के पट भक्तों के लिए बंद हो गए। सिर्फ मंदिर के पुजारी ही भगवान की पूजा करते थे।

धार्मिक स्थलों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत खोलने का निर्देश
रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना की समीक्षा की। इसके बाद धार्मिक स्थलों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत खोलने का निर्देश दिया। निर्देश जारी होते ही मंदिर के पुजारी, फूल-प्रसाद बेचने वाले दुकानदार और भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई। उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ मंदिर का नजारा भी कुछ ऐसा ही रहा। भक्त सुबह से ही जलाभिषेक को आने लगे। मंदिर के बाहर फूल-माला और प्रसाद की दुकान सज गई। मंदिर परिसर की साफ सफाई हुई। प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बाबा की पूजा अर्चना की। इसके बाद भक्तों के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया।

कोरोना काल में मंदिर की आर्थिक स्थिति खराब
मंदिर के महंत अभिषेक पाठक ने सरकार को धन्यवाद किया। कहा कि कोरोना काल में मंदिर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गयी है। जब भी इससे उबरने की कोशिश होती है। फिर से कोरोना दस्तक दे देता है। इस बार भी वैसा भी हुआ। लेकिन, मंदिर फिर से खुल चुका है। कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जा रहा है। भक्तों से अपील है कि सरकार का निर्देश का पालन करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.