BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में शोक : भोजपुरी से लेकर मैथिली में भी गाया था गाना, CM नीतीश ने बताया अपूरणीय क्षति

भारत की अमूल्य रत्न सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर का आज निधन हो गया। कोरोना की कर्कश आवाज देश की स्वर कोकिला को लील गई। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे बिहार में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चे, बुजुर्ग से लेकर युवाओं तक के लिए यह सूचना सदमे से कम नहीं है। लता दी ने हिंदी के अलावा मैथिली और भोजपुरी गाने को भी आवाज दी थीं। मैथिली के उनके गाए गीत, सुनू सुनू रसिया… आज भी मिथिलावासियों की जुबान पर है।

उन्होंने भोजपुरी की पहली फिल्‍म ‘गंगा मइया तोहे पियरी चढ़इबो’ में ‘हे गंगा मइया तोहे पियरी चढ़इबो, सइंया से करा द मिलनवा हे राम’ गाना गया था। इस फिल्म का एक और गाना ‘मारे करेजवा में तीर’ भी खूब सुना जाता है। कहा जाता है कि उन्होंने यह गाने तत्‍कालीन राष्‍ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की फरमाइश पर गया था।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है, ‘लता मंगेशकर प्रख्‍यात पार्श्‍वगायिका थीं। उन्‍हें भारत रत्‍न, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्‍के, फि‍ल्‍मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्‍कार समेत कई अन्‍य खिताबों से सम्‍मानित किया गया था। राज्‍यसभा की सदस्‍य भी रहीं। उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है।’

वहीं, पूर्व CM जीतन राम मांझी ने लिखा है, ‘लता मंगेशकर जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज हमने देश की सुरीली आवाज खो दी। ईश्‍वर उनकी आत्‍मा को शांत‍ि और स्‍वजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

सोशल मीडिया पर बिहार के नेताओं ने जताया शोक

बिहार के डिप्टी CM तारकिशोर प्रसाद ने लिखा है, ‘राष्ट्र की अमुल्य निधि, सुप्रसिद्ध गायिका,स्वर कोकिला लता मंगेशकर (लता दीदी) के निधन की ख़बर मन को झकझोर देने वाली है। उनके जाने से कला जगत के एक हीरा का अवसान हो गया है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।’

बिहार की डिप्टी CM रेणु देवी ने लिखा है, ‘स्वर कोकिला ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर जी के निधन की खब़र अत्यंत ही दुःखद है। उनका निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों एवं प्रशंसकों को सहनशक्ति प्रदान करें।’

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लिखा है, ‘आज साक्षात सरस्वती हमें छोड़कर चली गई! देश ने एक अमूल्य रत्न खो दिया! कला जगत का सबसे बड़ा अध्याय, एक युग का आज समापन हो गया, लेकिन लता जी की यादें हम सभी के साथ हमेशा रहेंगी।’

JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने लिखा है, ‘स्वर सम्राज्ञी “भारत रत्न” लता मंगेशकर जी के निधन की खबर दुःखद है, कला व संगीत की दुनिया में देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों के लिए संबल की कामना करता हूं।’

बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने लिखा है, ‘स्वर कोकिला और सुर साम्राज्ञी ‘भारतरत्न’ लता मंगेशकर जी के निधन से मन दुःखी और बहुत व्यथित है। लता जी का निधन सुर और संगीत के क्षेत्र में भारत की बड़ी क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.