Breaking News

तेज प्रताप का बड़ा दावा, कहा- सिर्फ चार दिन इंतजार कीजिए, मांझी, उपेन्द्र और सहनी हमारे साथ आ जाएंगे

RJD सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटा तेज प्रताप यादव ने नीतीश सरकार को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है, ‘VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी से मेरी बात लगातार हो रही है। उनके साथ HAM के जीतन राम मांझी और जदयू के उपेन्द्र कुशवाहा तीनों हमारे साथ जल्द आएंगे।’ उन्होंने दावा किया है, ‘ज्यादा नहीं, सिर्फ चार दिन इंतजार कीजिए। यह तीनों हमारे साथ आएंगे। कहां आएंगे, वह जगह भी हम सबको बता देंगे।’

सहनी, मांझी और कुशवाहा अपने बयानों से अचरज में डाल रहे

बता दें, NDA में राजनीतिक रूप से सबसे ज्यादा उग्र मुकेश सहनी नजर आ रहे हैं। मछुआरों को आरक्षण दिलाने के सवाल पर वह किसी भी पार्टी से लड़ने-भिड़ने को तैयार हैं। NDA में रहकर भी इन दिनों भाजपा के खिलाफ बयान दे रहे हैं और नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे हैं। बात जदयू के वरिष्ठ नेता उपेन्द्र कुशवाहा की करें तो उन्होंने केन्द्र सरकार के बजट की आलोचना कर अलग ही मैसेज दे दिया है। जबकि, नीतीश कुमार ने बजट की तारीफ की। जीतन राम मांझी को NDA की ओर से आश्वासन दिया गया है, इसलिए वह 24 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव में सीटों के सवाल पर चुप हैं, लेकिन वे जब तब NDA के अंदर अपनी अलग लकीर खींचते रहे हैं। चाहे वह शराबबंदी का सवाल हो या विशेष राज्य के दर्जे का।

राजनीति गरमा गई

कुल मिलाकर NDA में तीन बड़े नेता जीतन राम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा और मुकेश सहनी अपने बयानों से अपनी नाराजगी बयां करते रहे हैं। अब जब लालू प्रसाद के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप ने यह कह दिया है कि चार दिन में ये तीनों नेता राजद के साथ आ जाएंगे तो बारिश के बाद बढ़ी ठंड के बीच राजनीति गरमा गई है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.