Breaking News

बिहार में कश्मीर जैसी बर्फबारी: खेत और सड़कों पर गिरे ओले का लोगों ने उठाया लुत्फ

बिहार के मोतिहारी में शुक्रवार को कश्मीर जैसी बर्फबारी हुई। बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। शहरी इलाकों के अलावा अरेराज अनुमंडल के अरेराज ग्रामीण, पहाड़पुर प्रखंड क्षेत्र बलुआ खजुरिया में सड़कों और खेतों में बर्फ की चादर बिछ गई। बारिश खत्म होने के बाद लोगों ने इसका जमकर लुत्फ उठाया। कई लोगों ने सड़क और खेतों में जाकर जमकर सेल्फी ली। तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट आई है। मोतिहारी का न्यूनतम तापमान गिरकर 8.7 डिग्री पहुंच गया है।

ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हुई

अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तेलहन, दलहन और आलू के फसल बर्बाद हो गए हैं। इस बारिश ने फिर से किसानों की कमर तोड़ दी है। किसान अविनाश कुमार का कहना है कि अंतिम समय में बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।

अरेराज अनुमंडल की सड़कों की चादर बिछ गई।

अरेराज अनुमंडल की सड़कों की चादर बिछ गई।

मौसम विभाग ने किया था अलर्ट

बिहार में 45 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं मौसम का रुख बदल रही हैं। गुरुवार रात शुरू हुई हवा की यह गति शुक्रवार को भी जारी है। राज्य के 38 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।

4 फरवरी को बारिश का सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा। ऐसा देश में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार और पड़ोसी राज्यों में हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक हो रहा है। देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू हो गया है। इस कारण से बारिश हो रही है।

छत पर गिरी बर्फ की सफेद चादर।

छत पर गिरी बर्फ की सफेद चादर।

30 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर दक्षिण पश्चिम बिहार 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण पूर्व बिहार के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और उत्तर पूर्व बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में मौसम का येलो अलर्ट है।

इन 30 जिलों में अलग-अलग भागों में तेज गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। जबकि, दक्षिण मध्य बिहार के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, यहां अधिकांश हिस्सों में तेज गरज और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में हवा की रफ्तार काफी तेज होगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.