बिहार में 24 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए सीटों का बंटवारा हो गया है। जदयू के हिस्से 11 और भाजपा के हिस्से 12 सीट गई है। एक सीट रालोजपा यानी पशुपति पारस की पार्टी को दी गई है। जीतनराम मांझी की पार्टी हम और मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी का कोई प्रेशर पॉलिटिक्स अब तक काम नहीं आई है। दोनों को एक भी सीट नहीं दी गई है।
सहनी की पार्टी ने फिर से दबाव बनाया है और सीटें नहीं मिलने पर सभी 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार देने का अल्टीमेटम दे दिया है। एनडीए में अब तक 24 सीटों पर हम और वीआईपी के हाथ खाली रहने पर महागठबंधन की पार्टियों को कहने का मौका मिल गया है और वे गर्म लोहे पर चोट करने में लगे हैं। कांग्रेस ने तो यहां तक कह दिया है कि अब भी मंत्री पद से क्यों चिपके हुए हैं मुकेश सहनी और मांझी जी क्यों चुप हैं?
आत्मसम्मान ललकार नहीं रहा सहनी और मांझी जी- कांग्रेस
कांग्रेस के प्रवक्ता असीत नाथ तिवारी ने कहा है कि क्या सीट शेयरिंग के बाद आत्मसम्मान ललकार नहीं रहा जीतन राम मांझी और मुकेश सहनी जी। उन्होंने ट्वीट करके ये बातें कही हैं। उन्होंने भास्कर से कहा है कि जीतन राम मांझी जो हर मुद्दे पर मुखर रहते हैं पर सीट बंटवारे के बाद उन्होंने चुप्पी क्यों साध ली है। मुकेश सहनी को बताना चाहिए कि जिनके साथ गठबंधन में मंत्री हैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं तो मंत्री पद से क्यों चिपके हुए हैं। खुल कर खिलाफ आएं।
हम और वीआईपी बताएं खंजर भोंका की नहीं- राजद
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हम और वीआईपी दोनों को सीटें नहीं दी एनडीए ने, न प्रेस कांफ्रेस में बैठाया। सहनी और मांझी जी बताएं कि जदयू और भाजपा ने पीठ में खंजर भोंका कि नहीं ! दोनों पार्टियों के बल पर सरकार है और लग रहा है कि एनडीए से ही इन्हें आउट कर दिया गया है। बैनर में भी नाम नहीं दिया। जिस छोटे दल के बूते सरकार है उसी को मजा चखाने में लगी है भाजपा-जदयू।
मीटिंग में तय होगा कि कितनी सीटें देंगे, नहीं देंगे तो 24 सीटों पर लडे़ंगे- वीआईपी
वीआईपी पार्टी के प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने कहा है कि हमें आश्वस्त किया गया है कि विश्वास में लेंगे। हमने पहले ही कहा है कि अगर वे सीट नहीं देंगे तो हम सभी 24 सीटों पर अकेले लड़ेंगे, इसलिए अभी यह कोई नहीं समझे कि कोई खंजर भोंका गया है। मीटिंग होगी तो तय होगा कि हमें 24 में से कितनी सीटें देंगे। हम यूपी में 167 सीटों पर विधान सभा चुनाव लड़ रहे हैं। 11 मार्च को झारखंड में वीआईपी पार्टी की शुरूआत हमारे नेता मुकेश सहनी कर रहे हैं।
हमारी पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। मैं फिर दुहरा रहा हूं कि हमें उम्मीद है कि वे 24 में से हमें भी सीटें देंगे और अगर नहीं देंगे तो हम सभी 24 सीटों पर अकेले एमएलसी का चुनाव लडे़ंगे। वहीं, हम के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कांग्रेस और राजद की चुटकी बाजी पर कहा है कि वह पहले अपना घर देख लें। इसके बाद किसी पर प्रतिक्रिया करें। उन्होंने कहा कि जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं। वे दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंका करते। उन्होंने कहा कि हम 2 सीट के लिए अपना गठबंधन नहीं तोड़ सकते। राजद और कांग्रेस अपने बारे में सोचें।




Leave a Reply