BIHARBreaking NewsSTATE

#MUZAFFARPUR : युवा राजद प्रदेश सचिव ने किया मेयर पद पर लड़ने का ऐलान, कहा-नगर पालिका कानून संशोधन से बिचौलियों को लगा धक्का

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : बिहार नगर पालिका कानून में संशोधन के बाद मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा किये जाने संबंधी  बिहार सरकार के निर्णय के बाद सभी पार्टियों में जोड़ तोड़ एवं गुणा भाग शुरू है, जिसमें राजद भी पीछे नहीं है।
इसको लेकर राजद प्रदेश सचिव रतन कुमार चौधरी, राजद नेता कुंदन कुमार समेत कई अन्य नेताओं ने गहन विचार विमर्श के उपरांत गुरूवार को सिकंदरपुर स्थित कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन करते हुए आगामी अप्रैल-मई में संभावित निगम चुनाव से पहले मेयर-उपमेयर चुनाव को लेकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

युवा राजद प्रदेश सचिव रतन कुमार चौधरी ने नगर निगम चुनाव की नई व्यवस्था पर दो टूक कहा कि इस व्यवस्था से मेयर मेयर बनाने के नाम पर धनबल और बाहुबल का दबदबा खत्म होगा और जनता सीधे अच्छे प्रत्याशियों का चयन कर सकेगी, जिसके माध्यम से वे नगर का समग्र विकास हासिल कर सकेंगे. 

उन्होंने कहा कि गुजरे 20 वर्षों में नगर में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल चलता रहा है. जब जब मेयर और उप मेयर बनाने की नौबत आए वार्ड पार्षदों की खरीद बिक्री और पड़ोसी देशों में बंधक बनाकर रखने का खेल चरम पर रहा. गुजरे एक साल में मेयर की कुर्सी पर तीन बार अविश्वास प्रस्ताव लाने के पीछे क्या वजह रही यह लोगों से छुपा नहीं है. किंग मेकर के नाम पर नगर विधायक ने किस तरह नगर की जगह अपना विकास किया है, यह भी लोग देख चुके हैं. ऐसे में वे बिहार के नगर विकास और आवास विभाग का आभार जताते हैं जिसने नगर निगम को वह व्यवस्था दी है जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकेगा.

श्री चौधरी ने कहा कि पार्टी की ओर से उनके नाम पर सहमति बन जाएगी और उम्मीद है कि नगरवासी उन्हें अपना समर्थन देकर मेयर बनाने का काम करेंगे ऐसी स्थिति में हुए स्पष्ट करना चाहते हैं कि जन भावना के अनुरूप मुजफ्फरपुर शहर को सुव्यवस्थित बनाने और मूलभूत समस्याओं का निदान कराने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि विगत 20 वर्षों से मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, घूसखोरी, कथित किंगमेकरों और पूंजीपतियों से नगर निगम को मुक्त कराते हुए उनके द्वारा फैलाये गए तिलिस्म में अंतिम कील ठोकने का काम करेंगे. 

उन्होंने मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम की मौजूदा वस्तुस्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार नगर पालिका कानून में संशोधन के बाद तथाकथित किंग मेकरों में हताशा है क्योंकि अब बॉर्डर पार कर पड़ोसी देशों के होटलों में पार्षदों को लामबंद नहीं किया जा सकेगा, जिससे नगर निगम को अपनी जागीर समझने वाले कथित किंगमेकरों और पूंजीपतियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है. युवा राजद के प्रदेश सचिव ने दोहराया कि हालात चाहे अनुकूल हो या प्रतिकूल वे सदैव एक जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों के बीच खरा रहकर विकास का दायित्व निर्वहन करेंगे और हर तबके के लोगों के मंसूबों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.