BIHARBreaking NewsSTATE

ट्रैक पर हंगामे के बाद खान सर पर FIR, RRB-NTPC अभ्यर्थियों को उकसाने का आरोप

अपने अनोखे अंदाज से पढ़ाने को लेकर छात्रों के बीच चर्चित पटना वाले खान सर पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। उनके खिलाफ राजधानी के पत्रकार नगर थाना में नामजद केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके साथ-साथ कुल 6 टीचरों और 16 छात्रों को इस केस में नामजद किया है।

इन पर आरोप है कि खान सर समेत सभी नामजद टीचरों और अन्य कोचिंग संचालकों ने ही रेलवे अभ्यर्थियों को हंगामा और प्रदर्शन के लिए उकसाया था। मनमाफिक रिजल्ट नहीं आने से खान सर समेत बाकी सभी टीचर ने एक षड्यंत्र रचा। इसमें सोशल मीडिया पर वायरल खान सर के वीडियो ने भी आग में घी डालने का काम किया। वीडियो को देख कर छात्र भड़क गए। इस कारण लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो गई।

हंगामा शुरू करने वाले 4 युवक को पुलिस ने पकड़ा

दरअसल, RRB-NTPC के हुए एग्जाम के रिजल्ट पर सवाल उठाते हुए छात्रों ने 24 जनवरी को पटना में राजेंद्र टर्मिनल पर सबसे पहले हंगामा शुरू किया था। उस दिन ट्रेनें रोकी थी। पुलिस पर पथराव किया था। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की थी। बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए रेल पुलिस के साथ ही पटना पुलिस और जिला प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। जब पुलिस ने कार्रवाई की थी, तब कुछ छात्रों को भागते हुए पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने देखा था। उसी में 4 छात्रों को पकड़ा था। इसमें गिरिडीह के किशन कुमार, लखीसराय के रोहित कुमार, राजन कुमार और बिक्रम कुमार शामिल हैं।

पकड़े गए छात्रों ने लिया खान सर का नाम

पुलिस ने इन सभी से पूछताछ की। FIR में दावा किया गया है कि पकड़े गए छात्रों ने ही सभी के नाम लिए। इस कारण खान सर, एस के झा सर, नवीन सर, अमरनाथ सर, गगन प्रताप सर, गोपाल वर्मा सर को नामजद किया गया है। पकड़े गए छात्रों ने ही बहादुरपुर के शिव शक्ति नगर के रहने वाले नरेश, नागेश, विकास, खेसारी, मृत्युंजय, बालेश्वर, पंकज, विशाल, सूरज, भजनू, विकास उर्फ छोटू, मुकेश और पटेल छात्रावास में रहने वाले 3-4 अपने अन्य दोस्तों के बारे में बताया।

इन्हीं कारणों से सभी को नामजद और 300 से 400 के करीब अन्य अज्ञात छात्रों को FIR में आरोपी बनाया गया है। इसमें बाजार समिति में कोचिंग चलाने वाले अन्य अज्ञात संचालकों पर भी आरोप लगा है। थानेदार मनोरंजन भारती के बयान पर IPC की धारा 147/148/149/151/152/186/187/188/323/332/353/504/506 और 120B के तहत FIR नंबर 42/2022 दर्ज किया गया है। संभावना है कि केस दर्ज करने के बाद पटना पुलिस खान सर समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट लेकर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कर सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.