नीतीश कुमार ने बार-बार कहा कि बिहार में श’राबबंदी नहीं हटाएंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा तो पहले से कहते रहे हैं कि दोगुनी कीमत पर शराब बेची जाए और उस पैसे से कल- कारखाने खोले जाएं। लेकिन अब तो कांग्रेस की महिला विधायक ने भी मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस की महिला विधायक प्रतिमा दास ने सरकार से श’राबबंदी हटाने की मांग कर दी है।
एक महिला विधायक की ओर से यह मांग इसलिए आश्चर्य में डालने वाली है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते रहे हैं कि बिहार में शराबबंदी उन्होंने महिलाओं की मांग पर ही की है। चर्चा यह भी है कि पहली बार किसी महिला विधायक की ओर से नीतीश सरकार की शराबबंदी का विरोध इतने तल्ख तरीके से हुआ है। प्रतिमा दास ने जहरीली शराब से हो रही मौतों के मामले में मुख्यमंत्री पर हत्या का मुकदमा चलाने तक की मांग कर दी है।
शराबबंदी हटे नहीं तो मुख्यमंत्री पर हत्या का मुकदमा चले
कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास ने कहा कि- ‘नीतीश कुमार शराबबंदी को खत्म करें, आपके सगे-संबंधी माफिया हो गए हैं, करोड़पति-अरबपति बन रहे हैं। ऐसे लोगों की वजह से ही शराबबंदी है। ये नहीं चाहते हैं कि शराब खुले और आम आदमी का जीवन सुरक्षित हो। शराब बंद है इसलिए लोग जहर पीकर मर रहे हैं। डायबिटीज है, बीपी है तो मिठाई खाना, तेल मसाला खाना लोग छोड़ दें? खान-पान पर भी रोक लगा देंगे क्या ! कहा कि जितने लोग मर रहे हैं उसके लिए मुख्यमंत्री पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए।’
महिला विरोधी सोच की वजह से ही बिहार में कांग्रेस का ये हाल- सुहेली मेहता
कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास के शराबबंदी पर बयान के बाद जदयू की प्रवक्ता सुहेली मेहता ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि- ‘कांग्रेस ने तो चुनाव के समय ही अपने एजेंडे में शराबबंदी हटाने का संकेत दिया था। नतीजा कांग्रेस ने देख लिया। बिहार की महिलाओं ने कांग्रेस की बिहार में क्या हालत कर दी है, देख लीजिए। मेहता ने कहा कि शराबबंदी हटनी चाहिए कि रहनी चाहिए यह जानना हो तो बिहार की आम लड़कियों से पूछे। साथ ही सर्वे करवा लीजिए, आपको पता चल जाएगा। उन्होंने कहा शराबबंदी से सड़क दुर्घटनाएं कम हुई हैं, लोग उस पैसे का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई और बेहतर खाने पर कर रहे हैं।’ साथ ही उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी कि- कांग्रेस सच में बिहार का भला चाहती है तो उसे घूम-घूमकर लोगों को बताना चाहिए शराब न पीएं। शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है।

Input: Dainik bhaskar



Leave a Reply