कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार ऐसा हुआ है जब मौत के आंकड़ों ने डरा दिया है। महज 3 दिनों में 16 लोगों की मौत ने वायरस को हल्के में लेने वालों के लिए बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। संक्रमण के आंकड़ों के साथ बढ़ता मौत का मामला यह संकेत दे रहा है कि कभी भी वायरस खतरनाक हो सकता है। बुधवार को 1,80,407 सैंपल की जांच में 6,413 नए मामले आए। यानी संक्रमण दर अब 3.55% हो गई है। या यह कहे कि हर 28 वां सैंपल कोरोना पॉजिटिव आया है। ऐसे में कोरोना को लेकर आने वाले खतरे से सावधान रहना है।
2802 हुए ठीक, फिर भी एक्टिव मामले 28,659
बुधवार को राज्य में 2802 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद भी कुल एक्टिव मरीजों का डेटा तेजी से कम नहीं हो पाया है। इस समय एक्टिव मरीजों की संख्या 28,659 हो गई है। ट्रेंड बता रहा कि तीसरी लहर में गुरुवार को सक्रिय मरीजों की संख्या पहली लहर के पीक 32 हजार को पार कर जाएगी। पहली लहर में यह आंकड़ा 146 दिन में आया था, तीसरी लहर में इतने मरीजों की संख्या 20 दिन में ही पार कर जाएगी। यानी पहली लहर से 730% तेजी से कोरोना बढ़ रहा है। बिहार में रिकवरी रेट 94.65% पर पहुंच गई है।

जानिए 3 दिनों में मौ’त का आंकड़ा
3 दिनों में 16 मौत ने तीसरी लहर को गंभीर बना दिया है। अब तक लोग इसे हल्के में ले रहे थे और उन्हें लग रहा था कोरोना के नए वैरिएंट से खतरा नहीं है, लेकिन यह वायरस बुजुर्ग और बीमार लोगों की मौत का कारण बन रहा है। सोमवार को बिहार में कोरोना से 5 मौत हुई थी, जबकि मंगलवार को यह आंकड़ा 7 पहुंच गया था। बुधवार को 24 घंटे में 4 संक्रमितों की मौत हो गई। 3 दिनों में मरने वालों में 6 से लेकर 70 साल के लोग शामिल हैं। बुधवार को 14 साल की बच्ची की पटना एम्स में कोरोना से मौत हुई है। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पटना एम्स, आईजीआईएमएस में मौत का सिलसिला जारी है।
एक्टिव मामलों के टॉप 5 जिले
- पटना – 13375
- मुजफ्फरपुर – 1329
- गया – 1164
- समस्तीपुर – 853
- बेगूसराय – 729

भागलपुर: लगातार तीसरे दिन कोरोना शतक के पार
भागलपुर में 121 कोरोना संक्रमित मिले। 46 पूरी तरह से ठीक भी हुए। यह लगातार तीसरा दिन है जब जिले में 100 से अधिक मरीज मिले हैं। संक्रमितों में महिला डॉक्टर, नर्स, कोर्ट कर्मी व बरारी थाने का दारोगा शामिल हैं। नारायणपुर के नगरपारा स्थित नवोदय विद्यालय में कोरोना जांच में 18 संक्रमित मिले हैं। नारायणपुर पीएचसी प्रभारी डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक, कर्मी व छात्र संक्रमित मिले हैं। नगरपारा गांव में 81 लोगों के जांच में एक युवक संक्रमित निकला है। कहलगांव में थानाघ्यक्ष समेत 45 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. विवेकानंद दास ने बताया कि एनटीपीसी में 13 संक्रमित मिले हैं। बाकी मरीज अन्य जगहों के हैं।



Leave a Reply