BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार के 20 जिलों में स्कूल बंद, ठंड की वजह से नर्सरी से 8वीं तक क्लासेज 8 जनवरी तक बंद

बिहार में शीतलहर का प्रकोप जारी है। तापमान में मामूली वृद्धि के बावजूद सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी से लोग परेशान रहे। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद ठंड के कारण लोग घरों में दुबके रहे। इस बीच शीतलहर को देखते हुए पटना, मुजफ्फरपुर, बक्सर, मुंगेर, नालंदा, नवादा, गया, आरा, ​​​​​जहानाबाद, अरवल, छपरा, ​​सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज, मधुबनी में कक्षा 8 तक सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

इन जिलों के DM ने रविवार शाम निर्देश जारी कर सभी स्कूलों में नर्सरी से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

वहीं, मोतिहारी में कक्षा एक से छह तक को बंद किया गया है। दरभंगा में पांचवीं तक की कक्षा आठ जनवरी तक बंद की गई है। वहीं, जमुई, बांका और सहरसा में स्कूल बंद होने का निर्देश अब तक जिला प्रशासन ने नहीं दिया है। बता दें, आज से स्कूल खुलने वाले थे, लेकिन बढ़ती ठंड को लेकर छुट्‌टी 8 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं।

यह आदेश 8 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। इसका पालन कराने की जिम्मेदारी डीईओ, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी बीईओ और थानाध्यक्षों को दी गई है। इससे पहले 31 दिसंबर तक स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों को सुबह 9 बजे से पहले और 3:30 बजे के बाद प्रतिबंधित किया गया था।

सर्द पछुआ हवा चलने से बढ़ी कनकनी

बिहार में 5 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव सोमवार को भी देखने को मिलेगा। कोहरा और धुंध के साथ हुई दिन की शुरुआत ठंड बढ़ाने का काम करेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे में रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन तो नहीं हुआ, लेकिन दिन के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने आगे भी आसमान में हल्के बादल तथा सुबह में काेहरा छाने की संभावना जताई है। लगातार सर्द पछुआ हवा के चलने से रात के तापमान में फिर कमी आने की संभावना है। रात के तापमान में कमी आने से आगे शीतलहर और कनकनी बढ़ेगी। सूबे में कटिहार और फारबिसगंज सबसे सर्द, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा।

केंद्रीय विद्यालय की परीक्षा स्थगित

केंद्रीय विद्यालय में सोमवार से तीसरी क्लास से 8वीं और 11वीं की परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में होनी थी, लेकिन DM के निर्देश के बाद परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। केंद्रीय विद्यालय बेली रोड के प्राचार्य प्रद्युमन कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से 8वीं तक की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। वहीं 11वीं की परीक्षा स्कूल में आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों की परीक्षा नजदीक है इसलिए ऑनलाइन पढ़ाई में देरी नहीं होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.