BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में 24 घंटे में 77 पॉजिटिव, राजधानी में 157 दिन बाद 434% बढ़ा संक्रमण

कोरोना वायरस ने 157 दिन बाद बड़ी छलांग लगाई है। राजधानी पटना में कोरोना की रफ्तार 434% बढ़ी है। 25 जुलाई 2021 को पटना में मात्र 6 नए मामले आए थे। बुधवार को 26 पॉजिटिव केस आए। वहीं, पूरे प्रदेश में बीते 24 घंटे में 77 नए केस सामने आए हैं। 25 जुलाई को 81 केस आए थे। बिहार में हालात कैसे खतरनाक हो रहे हैं, इसका अंदाजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। CM नीतीश कुमार ने भी बिहार में तीसरी लहर की दस्तक की बात कही है। साथ ही लोगों से अलर्ट रहने और कोरोना गाइडलाइन का पालन करने को कहा है।

पटना के बाद गया में बिगड़ रहे हालात

पटना के बाद गया में सबसे अधिक मामले आ रहे हैं। बुधवार को तो गया पटना से आगे निकल गया। वहां 29 नए मामले आए। पटना में 26 और गया में 29 के बाद औरंगाबाद में एक, दरभंगा में एक, जहानाबाद में 4, किशनगंज में एक, मुजफ्फरपुर में 2, नालंदा में 3, समस्तीपुर में 3, सीतामढ़ी में एक, सीवान में एक, सुपौल में दो, वैशाली में एक और पश्चिमी चंपारण में भी एक संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा एक संक्रमित अन्य राज्य से आया है।

17 मरीजों के ठीक होने के बाद एक्टिव केस 215

बुधवार को 17 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद भी एक्टिव केस की संख्या राहत देने वाली नहीं है। प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 215 हो गई है। अब तक बिहार में कुल 7,14,294 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। बिहार की रिकवरी रेट 98.31% है।

बुधवार को राज्य में 1,69,661 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। अब तक 7,26,606 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। 12,096 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हो गई है।

पटना में 24 घंटे में डबल हो गया मामला

पटना में 24 घंटे में ही कोरोना का संक्रमण सीधा डबल हो गया है। मंगलवार 13 नए मामले आए थे, जो बुधवार को 26 हो गया। तेजी से बढ़ रहे मामले ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पटना और गया सहित अन्य जिलों में तेजी से बढ़ रहे मामलों को लेकर अलर्ट किया गया है।

पटना में अब 103 एक्टिव मामले

पटना में अब एक्टिव मामलों की संख्या 103 पहुंच गई है। मंगलवार को यह संख्या 76 थी, लेकिन एक ही दिन में एक्टिव केस का आंकड़ा 100 पार कर गया है। अब संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिए कवायद तेज कर दी गई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर चौकसी बढ़ाने को कहा है। संक्रमण के मामलों को लेकर 31 दिसंबर और 1 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर मंथन चल रहा है। पार्कों में तालाबंदी का आदेश जारी कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थानों काे लेकर भी सख्ती का आदेश दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.