राज्य में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए कोशिशें शुरू हो गई हैं। ओमिक्रॉन से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों की टीम गठित की। राज्य में कोविड संक्रमण से निपटने के लिए बिहार की तैयारियों का जायजा लेने केंद्रीय टीम भी रविवार को बिहार आएगी। ये टीम कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई तैयारियों का सोमवार से सर्वे करेगी।
संभावित तीसरी लहर से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेगी केंद्रीय टीम
एम्स के कोरोना नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की केन्द्रीय टीम तैयारियों का जायजा लेने रविवार को बिहार पहुंच रही है। वहीं, सोमवार से वह काम करना शुरू करेंगे। संक्रामक रोग प्रोग्राम के हेड डॉ. नीरज के नेतृत्व में पटना पहुंच रही इस टीम में स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से डॉ. आरपी बहल, डॉ. हेमंत महाजन होंगे। जबकि पटना एम्स के डॉ. सौरभ कर्माकर भी सर्वे टीम का हिस्सा होंगे।

केंद्रीय टीम बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को परखेगी और सुधार के लिए सुझाव देगी। सर्वे के लिए बिहार के अलावा अन्य राज्यों में भी केन्द्रीय टीमें भेजी जा रही हैं। इसमें पंजाब, पं बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, उत्तर प्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं। ये टीमें सभी राज्यों में संभावित खतरे, हालात, टेस्टिंग की स्थिति, इलाज से जुड़ी तैयारियों और वैक्सीनेशन की स्थितियों को समझेगी और केन्द्र को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

शुक्रवार को मिले थे 13 नए मरीज
राज्य में कोरोना के 13 नए मरीज मिले हैं। इसमें पटना में सात संक्रमित हैं। पटना एम्स में फिलहाल 5 मरीज भर्ती हैं और इनकी स्थिति गंभीर हैं। एम्स प्रशासन के मुताबिक बीते 30 दिनों में कोरोना से 3 मौतें भी हुई हैं। राज्य में कोरोना के एक्टिव संक्रमितों की संख्या 78 है। संभावित तीसरी लहर को लेकर बिहार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम गठित की गई। इन टीमों को कोविड टेस्टिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और मरीजों के लिए आइसोलेशन की व्यवस्था करने का काम सौंपा गया।




Leave a Reply