पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में अब ऑक्सीजन को लेकर समस्या नहीं होगी। नए प्लांट से 1 मिनट में 3750 लीटर ऑक्सीजन तैयार की जाएगी। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद कराए गए मॉक ड्रिल में प्लांट में हवा से ऑक्सीजन बनाई गई है। नए प्लांट का कनेक्शन इमरजेंसी वार्ड से लेकर राजेंद्र सर्जिकल वार्ड तक लगभग 700 बेड से किया गया है। अब इस ऑटोमेटिक प्लांट से ही बेड पर मरीजों को आसानी से ऑक्सीजन मिल जाएगी।
1250 लीटर के 3 प्लांट एक साथ चालू
पीएमसीएच में PSA प्लांट में 1250 लीटर प्रति मिनट हवा से तैयार करने वाले 3 प्लांट लगाए गए हैं। 1250 के एक प्लांट के साथ 3000 लीटर ऑक्सीजन स्टोरेज की भी क्षमता होगी। ऐसे में एक साथ चालू 3 प्लांट की क्षमता एक मिनट में 3750 लीटर ऑक्सीजन तैयार करने और 9000 लीटर ऑक्सीजन स्टोर करने की है। पीएमसीएच के प्रभारी अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि तीनों प्लांट का ऑपरेशन पूरी तरह से ठीक है। जांच में प्रेशर और प्यूरिटी दोनों मानक के अनुसार मिली है। दोनों का कनेक्शन बेड तक होने से अब ऑक्सीजन की समस्या नहीं होने पाएगी।


कोरोना को लेकर राज्य में ऑक्सीजन की तैयारी
कोरोना के खतरे को लेकर पूरे राज्य में ऑक्सीजन की तैयारी की जा रही है। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की किल्लत को देखते हुए राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और अन्य बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार के निर्देशन में गुरुवार को पूरे राज्य में एक साथ सभी PSA ऑक्सीजन प्लांट का मॉक ड्रिल कराया गया है। पटना मेडिकल कॉलेज के तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि मॉक ड्रिल में ऑक्सीजन प्लांट सही पाया गया है। बेड तक प्रेशर ठीक है और प्योरिटी भी सही पाई गई है।




Leave a Reply