तेजस्वी-रेचल की शादी में न्योता नहीं मिलने से नाराज साधु यादव ने शुक्रवार को जमकर गुस्सा निकाला। उन्होंने लालू समेत पूरे परिवार पर नाराजगी जताई। तेजस्वी को तो उन्होंने अपने रिश्ते की मर्यादा लांघकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने लालू की नई बहू को लेकर भी अपशब्द बोले। आज हम आपको मामा साधु यादव की कहानी पढ़ा रहे हैं…
अजय देवगन की फिल्म गंगाजल का सीन है, जिसमें SP से साधु यादव कहता है- कुछ नहीं कर पाओगे SP… तुम जैसे कई आए और गए, हमरा कुछ नहीं उखाड़ सके। तब SP ने जवाब दिया था- हमारी चाय बहुत कड़वी होती है। फिल्म गंगाजल जब बिहार के सिनेमाघरों में लगी तो साधु के समर्थकों ने सिनेमा घर पर खूब बवाल किया था। मामला कोर्ट तक गया और फिल्म के निर्देशक प्रकाश झा को कोर्ट में सफाई देनी पड़ी कि ‘फिल्म का लालू प्रसाद यादव के साले साधु यादव और उनकी जिंदगी से कोई लेना-देना नहीं है, यह सिर्फ एक किरदार का नाम है।’


प्रकाश झा की इस सफाई के उलट बिहार के लोग जानते रहे हैं कि सच क्या है? सच यह है कि लालू राज में लालू प्रसाद के साले साधु यादव की तूती बोलती रही। उनकी दबंगी की अनगिनत कहानियां हैं। अब एक बार फिर से साधु इसलिए चर्चा में हैं कि तेजस्वी यादव की शादी पर सवाल उठा रहे हैं। और भी बहुत कुछ बोल रहे हैं साधु। शब्दों की मर्यादा तार-तार कर रहे हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी उनके निशाने पर हैं।
लालू राज का असली चेहरा बन गए
दरअसल साधु, लालू राज में दबंगई के पर्याय बन गए थे। उन्हें कभी फूलों से तौला जाता रहा, कभी सिक्कों से। उन्हें लोगों ने बाहुबली और दबंग कहा। लालू प्रसाद के विरोधियों के लिए साधु, लालू राज का असली चेहरा बन गए। यह कहानी उस पेड़ की कहानी है जिसे लालू राज में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने ही लगाया था। इस पेड़ के कांटे जब-तब चुभते रहते हैं। साधु यादव का जन्म 5 जुलाई 1967 को गोपालगंज में हुआ। लालू से रिश्ते ने साधु को राजनीति में मजबूती दी। वे गोपालगंज से सांसद और विधायक भी बने।


लालू यादव और साधु यादव।
बाढ़ राहत घोटले में नाम आया, सरेंडर करना पड़ा, बेल मिली
जिस बाढ़ राहत घोटाले में IAS गौतम गोस्वामी को जेल जाना पड़ा और तनाव में उनकी असमय मौत हो गई, उस बाढ़ राहत घोटाले में साधु का नाम भी आया था। उन्हें सरेंडर करना पड़ा था और बाद में बेल मिला था। बिहार के चर्चित शिल्पी जैन मर्डर केस में भी इनका नाम आया था और CBI ने DNA टेस्ट कराने के लिए कहा था। टेस्ट कराने से इन्होंने इनकार कर दिया था। बिहार भवन में JNU के एक छात्र पर हमले का आरोप भी इन पर लगा था। ऐसे कई आरोपों से घिरे रहे साधु। गोली चलाकर दहशत फैलाने, हत्या की कोशिश, रंगदारी न देने पर पीटने, दंगा फैलाने, सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने समेत कई आरोप लगे।
साधु का आरोप- बदनाम किया जा रहा
यह सच है कि लालू राज में साधु की तूती बोलती थी। उनकी बात कोई अफसर न माने, मजाल नहीं। लेकिन, साधु का कहना है कि- “मुझे बदनाम किया गया। वे कह रहे हैं कि लालू राज के सारे गुंडे मवालियों का ठीकरा उन पर फोड़ कर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई।”

रिश्ते बिगड़े तो साधु की बेटी की शादी में लालू परिवार शामिल नहीं हुआ
साल 2009 में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के रिश्ते साधु यादव से बिगड़ गए। लालू परिवार का मन जब साधु से खट्टा हो गया तब साधु ने कई पार्टियों के टिकट से चुनाव जीतने की कोशिश की पर जनता उन्हें नकारती रही। रिश्ते में ऐसी खटास आई कि सारण लोकसभा से बहन राबड़ी देवी के खिलाफ चुनाव लड़ गए। साधु यादव की बेटी की शादी में भी लालू परिवार से कोई शामिल नहीं हुआ था। अब लालू प्रसाद ने अपने बेटे तेजस्वी यादव की शादी में अपने भाई-भौजाई को आने का न्योता दिया पर राबड़ी देवी ने साधु को नहीं बुलाया। साधु का गुस्सा आसमान पर है।



Comment here