बोचहां के दिवंगत विधायक मुसाफिर पासवान के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यहां आएंगे। पुलिस लाइन मैदान में उनका हेलीकाप्टर उतरेगा। यहां से वह दिवंगत विधायक के आवास नाजीरपुर जाएंगे। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। करीब 75 स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री के नाजीरपुर तक जाने के रास्ते में 11 जगहों पर ड्राप गेट बनेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर यहां आएंगे। इसके दस मिनट बाद दिवंगत विधायक के आवास पहुंचेंगे। यहां उनका आधा घंटा रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह पटना लौट जाएंगे। उनके अलावा जिला प्रभारी मंत्री मुकेश सहनी समेत कई अन्य मंत्रियों, सांसद, विधायक आदि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मालूम हो कि बोचहां से वीआइपी के विधायक मुसाफिर पासवान का नई दिल्ली में गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सोमवार को पदाधिकारियों ने पुलिस लाइन मैदान में बने हेलीपैड का जायजा लिया। इसके अलावा नाजीरपुर में दिवंगत विधायक के स्वजनों को कार्यक्रम की जानकारी दी।
Leave a Reply