दुबई से लौटने वाले पटना के दोनों संक्रमितों ने फाइजर वैक्सीन की दोनों डोज ली थी। इसके बाद भी उन्हें कोरोना ने जकड़ लिया है। दोनों पटना के रहने वाले हैं। दुबई में नौकरी करते हैं। 10 दिन पहले दोनों पटना लौटे थे। अब दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। कोरोना ने वैक्सीन की लक्षण रेखा को तोड़ दिया है। अब स्वास्थ्य विभाग दोनों की जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। अगर दोनों संक्रमितों में कोरोना के नए वैरिएंट का मामला आया तो बिहार के लिए बड़ा खतरा होगा। हालांकि दोनों संक्रमितों की निगरानी बढ़ाते हुए यह आदेश जारी कर दिया गया है कि विदेश से आने वाले सभी व्यक्तियों की निगरानी 24 घंटे कराई जाएगी।
विदेश से लौटने वाले सभी की होगी RTPCR जांच
विदेश से लौटने वालों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग ने जांच का नया आदेश जारी किया है। अब विदेश से आने वाले सभी लोगों की RTPCR जांच कराने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग का आदेश है कि विदेश से आने वालों की दोहरी जांच कराई जाए। एक बार एंटीजन और फिर RTPCR की जांच कराई जाए। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। राज्य के सभी जिलों में संक्रमण के इस नए वैरिएंट की रोकथाम काे लेकर जिला स्तर पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए है।

संक्रमितों को भर्ती करने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी जिलों को आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि पहले से बनाए गए डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर एवं कोविड केयर सेंटर में लगे बेड और उपकरणों को एक्टिव कर लिया जाए। उपकरणों की साफ-सफाई कर एक्टिव कर लिया जाए। आदेश दिया गया कि जरूरत पड़ने पर कोरोना मरीजों को भर्ती किया जाए। इसके साथ ही ओमिक्रॉन को लेकर भारत सरकार द्वारा जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
विदेशियों की जांच को लेकर अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग विदेश से भारत लौटने वाले बिहार के प्रवासियों की सूची जिलावार प्रतिदिन भेज रहा है। आदेश दिया गया है कि सूची के आधार पर चिह्नित व्यक्तियों से संपर्क कर तथा उनके घर पर स्वास्थ्य कर्मियों को भेजकर सैंपल कलेक्शन कराकर जांच कराई जाए। विदेश से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की RTPCR जांच करना सुनिश्चित किया जा रहा है। विदेश से लौटने वाले व्यक्तियों की जांच पटना, गया और दरभंगा एयरपोर्ट पर की जा रही है। कम से कम पांच प्रतिशत यात्रियों का RTPCR जांच के लिए रैंडम सैंपल लिया जाएगा। इसके साथ ही अधिक से अधिक रैपिड एंटीजन किट से जांच की जाएगी। कोविड जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले उस यात्री का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए IGIMS भेजा जाएगा।
मास्क और सोशल डिस्टेंस को लेकर अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों को अलर्ट किया है। अपील की कई है कि कोविड को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन किया जाए। मुंह पर मास्क और दो गज की दूरी के साथ-साथ साफ-सफाई को लेकर अलर्ट किया गया है। इसके अलावा कोविड टीका का दोनों डोज जल्द से जल्द लेने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिनका भी सेकेंड डोज का समय हो गया है, वह टीका अवश्य ले लें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना जांच और टीकाकरण में तेजी लाने को लेकर राज्य के सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।



Leave a Reply