दुबई से पटना आए दो विदेशियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जांच रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। कोरोना पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम विदेश यात्रा से पटना आए दोनों संक्रमितों के घर पहुंच गई। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए गाइडलाइन के तहत दोनों संक्रमितों का नमूना स्ट्रेन का पता लगाने के लिए लिया गया है। साथ कोरोना की कंफर्मेशन जांच भी कराई जा रही है। पटना की सिविल सर्जन डॉ. विभाग कुमारी ने दुबई से लौटे दो यात्रियों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि करने के साथ कहा है कि अब कंफर्मेशन जांच कराई जा रही है।
10 दिन पहले दुबई से आए पटना
पटना के जिन दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, वह 10 दिन पहले दुबई से पटना आए हैं। सूत्रों की मानें तो 10 दिन से जांच करने और उन्हें ट्रैक करने का काम किया जा रहा है। दोनों का पता लगाने के बाद जब जांच के लिए नमूना भेजा गया तो रिपोर्ट चौंकाने वाली आई है। दोनों में कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों 10 दिन से पटना में हैं और उनकी कांटेक्ट हिस्ट्री भी लंबी हो गई है। ऐसे में अगर नए स्ट्रेन का मामला आया तो स्थिति गंभीर होगी क्योंकि 10 दिनों में वह बड़ी चेन तैयार कर दिए होंगे। हालांकि स्वास्थ्य महकमा अभी जांच पड़ताल कराने में जुटा है।
एक तरफ जांच दूसरी तरफ कांटेक्ट हिस्ट्री की पड़ताल
दोनों संक्रमितों की रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम कई पहलू पर जांच कर रही है। एक तरफ तो कोरोना की जांच के लिए कंफर्मेशन जांच कराई जा रही है और दूसरी तरफ दोनों संक्रमितों के कांटेक्ट हिस्ट्री की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों की मानें तो दो विदेशियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से ही सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगा दी गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुल 4 लोग साथ में दुबई से पटना आए हैं उसमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव और दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस कारण से कोरोना के कंफर्मेशन के लिए विशेष जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए जीनोम सिक्वेंसिंग की तैयारी चल रही है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनो पॉजिटिव की निगरानी बढ़ा दी है और उनकी गतिविधियों की पूरी पड़ताल कराई जा रही है। अब कांटेक्ट का पूरा डेटा तैयार कराया जा रहा है जिससे संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जा सके।




Leave a Reply