BIHARBreaking NewsSTATE

पेन बेचने वाली बच्ची को तेज प्रताप ने दिया आईफोन

RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपने अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह शनिवार देर शाम पटना के बोरिंग रोड पर मिठाई खाने निकले। तभी चमचम और क्रीम चॉप के शौकीन तेज की नजर कलम (पेन) बेचती मासूम पर पड़ी। इस पर वह रुक गए और उससे ढेर सारी बातें की। ​​​​​​

पुनाईचक की मेघा ने उनको बताया कि पापा ऑटो चलाते हैं। मैं अभी स्कूल नहीं जाती, पर ट्यूशन पढ़ती हूं। इसके बाद तेज प्रताप ने उससे गेम के बार में भी बात की। बातों-बातों में उससे उनका अटैचमेंट हो गया और उसको अपना नंबर देने लगे, तभी बच्ची ने बताया कि मेरे पास मोबाइल नहीं है। इस पर वह उसे लेकर मोबाइल की दुकान पहुंच गए और आईफोन खरीद कर दिया। उसकी कीमत 50 हजार रुपए थी।

मोबाइल देने के बाद तेज ने बच्ची से कहा, ‘फोन पर खूब मन लगाकर पढ़ाई करना। गेम कम खेलना।’ बच्ची से बातचीत का वीडियो भी तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

अपना मोबाइल नंबर भी लिख कर दिया

मेघा ने बताया, ‘मैं नहीं जानती कि आईफोन खरीदाने वाले कौन हैं।’ बाद में लोगों ने उसे बताया गया कि ये तेज प्रताप यादव हैं और लालू यादव के बेटा हैं। तेज प्रताप यादव ने बच्ची को अपना मोबाइल नंबर भी लिख कर दिया। साथ ही आईफोन कैसे काम करता है और इसे कैसे चार्ज किया जाता है, इसकी भी जानकारी दी।

3 महीने पहले स्लम बस्ती के बच्चों को बुला लिया था घर

तीन महीने पहले भी तेज प्रताप यादव ने ऐसे ही स्लम के बच्चों से काफी बातें की थी। मिलने के लिए आवास पहुंचे कमला नेहरू नगर, केताही मोहल्ला और आर ब्लॉक के पास रहने वाले चार स्लम बस्तियों के छात्र-छात्राओं को उन्होंने सीधे घर में बुलाया था। और उनके साथ बैठकर बातचीत की थी।

दलित बच्चों संग मनाया था अपना 29वां जन्मदिन

2018 में अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए उन्होंने पूरा दिन दलित बच्चों के साथ बिताया था। परिवार के सदस्यों से आशीर्वाद और मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने 29 गरीब दलित बच्चों के साथ केक काटा था और सभी को अपने हाथों से केक खिलाया था। उनको कपड़े भी दिए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.