Breaking News

लालू की सेहत सुधरी, दिल्ली AIIMS से डिस्चार्ज हुए

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सेहत में काफी सुधार हुआ है। वे अब दिल्ली एम्स से बेटी मीसा भारती के सरकारी आवास में आ गए हैं। एम्स ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है। बीते शुक्रवार की देर शाम अचानक उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था। कहा गया कि उन्हें लगातार बुखार रह रहा है। हालांकि तब ही डॉक्टरों ने उन्हें किसी प्रकार के खतरे से बाहर बताया था।

बताया गया कि ज्यादा पानी पीने की वजह से उनकी सेहत बिगड़ गई और यूरिन में इंफेक्शन हो गया था। उन्हें काफी कमजोरी भी हो गई थी। उन्हें हार्ट और किडनी की गंभीर बीमारी है। अब लालू प्रसाद की सेहत में सुधार के संकेत के बाद ही राबड़ी देवी पटना में विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में हिस्सा ले रही हैं। लालू प्रसाद के चाहने वालों के बीच इस बात को लेकर काफी खुशी है।

22 नवंबर को पटना आए, 25 को वापस गए दिल्ली
लालू यादव 22 नवंबर को पटना आए थे। अगले दिन चारा घोटाले के मामले में विशेष CBI कोर्ट में पेश हुए, जहां उन्हें आगे के लिए सदेह पेशी से छूट मिल गई। इसके बाद उन्होंने राजद कार्यालय में छह टन की लालटेन की लौ जलाई थी। फिर गुरुवार 25 नवंबर की शाम दिल्ली चले गए थे। जाते-जाते भी उन्होंने नीतीश सरकार को नीति आयोग की रिपोर्ट को लेकर तीखी आलोचना की थी।

पटना की सड़कों पर चलाई 44 साल पुरानी जीप
इसी दौरान लालू यादव की जीप की चर्चा सबसे ज्यादा हुई। 24 नवंबर को वो अपने आवास से जीप लेकर राजद कार्यालय तक गए थे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो शेयर करते लिखा था- ‘आज वर्षों बाद अपनी पहली गाड़ी को चलाया। इस संसार में जन्मे सभी लोग किसी ना किसी रूप में ड्राइवर ही तो हैं।’

लालू प्रसाद पिछले कई वर्षों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे हैं। जानकारी है कि वे 16 तरह की बीमारियों से ग्रस्त हैं। इसी वजह से उनके दिल्ली से बिहार आने में भी कई बार कई तरह की अड़चनें आई। फिर डॉक्टरों की इजाजत लेकर वे उपचुनाव से पहले करीब तीन साल बाद पटना आए थे। उन्होंने कहा था कि मैं बिहार के हर हिस्से में जाना चाहता हूं, लेकिन अभी कसर है, इलाज करा रहा हूं। मेरा मन नहीं लगता बैठे-बैठे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.