BIHARBreaking NewsSTATE

मोतिहारी : सेकेंड डोज का कोविड टीकाकरण बढ़ाकर कोरोना को हरा रहे हैं स्वास्थ्य कर्मी

सेकेंड डोज का कोविड टीकाकरण बढ़ाकर कोरोना को हरा रहे हैं स्वास्थ्य कर्मी

  • घर-घर दस्तक अभियान द्वारा वंचितों का हो रहा है टीकाकरण
  • कोरोना मुक्त जिला बनाने के लिए आवश्यक है सभी लोगों का टीकाकरण

मोतिहारी, 23 नवम्बर। कोविड 19 के प्रभाव से जिले को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 27 प्रखण्डों में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है। पूर्वी चम्पारण के सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि “सेकेंड डोज” का कोविड टीकाकरण बढ़ाकर कोरोना को हरा रहे हैं जिले के स्वास्थ्य कर्मी । जिनमें एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जीविका दीदियाँ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन सभी के साथ प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों का दल घर-घर दस्तक अभियान द्वारा लाभार्थियों के घर पहुंच कर उनके परिवार से जानकारी ले रहे हैं कि परिवार के सभी 18 वर्षों से ऊपर के लोगों का टीका हुआ है कि नहीं। साथ ही कोविड 19 टीका से वंचितों का पता लगाया जा रहा है । जो व्यक्ति किसी कारणवश टीकाकरण नहीं करा पाए हैं या जिन्होंने पहली डोज़ ले ली है परन्तु दूसरी डोज़ नहीं ले पाए वैसे लोगों को ऑन स्पॉट टीकाकरण किया जा रहा है। ताकी गाँव, समाज भी कोविड के प्रभाव से पूरी तरह सुरक्षित रहे।

  • कोविड से सुरक्षित रहने के लिए शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण जरूरी:

पूर्वी चम्पारण जिला स्वास्थ्य समिति के जिला प्रोग्राम प्रबंधक अमित अचल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने ठाना है कि जिले को कोरोना मुक्त बनाना है। इसलिए स्वास्थ्य कर्मी भी दिन रात एक करते हुए टीकाकरण कार्यो में मेहनत के साथ भागीदारी दिखा रहे हैं। कोरोना मुक्त जिला बनाने के लिए आवश्यक है कि सही समय पर शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण होना चाहिए। इसके लिए जनता को भी जागरूक होना चाहिए।

  • हर घर दस्तक दे रहें स्वास्थ्य कर्मी:
    ढाका प्रखण्ड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सोहेल अख्तर ने बताया कि मंगलवार को दूसरे डोज़ के कोविड टीकाकरण को बढ़ाने के लिए घर-घर जाकर स्वास्थ्यकर्मी द्वारा प्रखण्ड क्षेत्र के वार्ड नं 7, 13, मलकौनिया, नरकटिया सहित कई अन्य स्थानों पर जन जागरूकता द्वारा टीका दिया जा रहा है। क्षेत्र में लगभग 40 लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के कार्यों में एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहयोग कर रही हैं।
  • महामारी से सुरक्षा के लिए दोनों डोज जरूरी:
    केयर इंडिया के ब्लॉक मैनेजर राजन कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार टीकाकरण के लिए प्रचार प्रसार कर रहा है। ऐसे में जिले व प्रखंड वासियों की भी यह नैतिक जिम्मेदारी है कि अपने शहर के लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करें।ताकि लोग दूसरे डोज़ का टीका लेकर महामारी से बचें। इसलिए महिलाओं, युवाओं, से अपील है कि वह अपने माता पिता व आसपास के लोगों को टीकाकरण केन्द्र पर ले जाकर टीकाकरण करवाएं । शहर में कोरोना दुबारा से न आए इससे बचाव के लिए कोविड टीकाकरण करवाना जरूरी है। क्योंकि दूसरा डोज़ लिए बिना पूर्ण रूपेण सुरक्षा सम्भव नहीं है। कोविड की दूसरी डोज़ के बाद ही शरीर में एंटीबॉडी का निर्माण होता है। तब शरीर कोरोना से लड़ने के लिए तैयार होता है। इसलिए कोविड का पहला डोज़ लेने के बाद सही समय पर दूसरा डोज़ भी जरूर लें। मौके पर एएनएम दीपाली कुमारी, केयर के ब्लॉक मैनेजर विक्रान्त कुमार, आशा, व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित कई लाभार्थी मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.