बिहार में दस्तक देने के बाद भी ठंड का प्रभाव नहीं दिख रहा है। पूर्वी हवा के प्रवाह से कम होता ठंड का प्रभाव अब 23 नवंबर से प्रभावी होगा। मौसम विभाग के मुताबिक अब 23 नवंबर से ठंड की वापसी होगी। इस बीच पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होगी। ठंड में थोड़ी देर हो रही है लेकिन इस बार साल 2021 के मानसून का असर ठंड पर साफ दिखेगा। ठंड काफी समय तक बिहार में अपना प्रभाव बनाए रहेगी। 19 से 25 नवंबर के बीच बारिश का पूर्वानुमान है और उसके बाद ठंड का असर बढ़ जाएगा।
ज्यादा समय तक रहेगा ठंड का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार का कहना है कि इस बार ठंड का प्रभाव अधिक समय तक रहेगा। इसका सीधा कनेक्शन मानसून से हैं। प्री और पोस्ट मानसून दोनों में औसत से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून का असर ठंड पर दिखाई देगा। ठंड का प्रभाव अधिक होने के साथ लंबे समय के लिए होगी।

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो इस बार ठंड जनवरी और फरवरी में अपना प्रभाव दिखाते हुए मार्च तक जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार ठंड अधिक पड़ेगी और ठंड का स्केल भी काफी लंबा होगा।
जानिए दस्तक देकर क्यों वापस हो गई ठंड
मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन बना था जो तमिलनाडु पोस्ट से टकराया। इसके प्रभाव से एक ट्रफ लाइन तमिलनाडु से लेकर पश्चिमी बंगाल तक बन गई। इस कारण से बिहार में पूर्वी हवा का प्रभाव बढ़ गया।
इसका परिणाम यह हुआ कि न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। मॉडल को देखे तो अगले 10 दिनों तक न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। नवंबर के चौथे सप्ताह से न्यूनतम तापमान में कमी आने लगेगी, इसके बाद ठंड देखने को मिलेगी।

लो प्रेशर के कारण बढ़ रही गर्मी
मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार का कहना है कि एक और लो प्रेशर एरिया बना है जो साउथ अंडमान और थाईलैंड से जुड़ा है। लो प्रेशर के कारण यह डिप्रेशन बनेगा। अनुमान है कि 15 नवंबर को यह डिप्रेशन बन जाएगा। इसका डायरेक्शन ऑफ मूवमेंट वेस्ट पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा में होगा।
18 नवंबर को इसके आंध्रप्रदेश पोस्ट के पास आने का पूर्वानुमान है। इसके प्रभाव से बिहार में पूर्वी हवा का प्रभाव बढ़ेगा। आने वाले 10 दिनों तक पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी।

19 से 25 नवंबर के बीच बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार का कहना है कि इस सप्ताह बिहार में बारिश की भी संभावना बन रही है। बिहार में सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान है। संभावना है कि 19 से 25 नंवबर के बीच दक्षिण बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।



Leave a Reply