सीतामढ़ी के बैरगनिया, सुरसंड और परसौनी प्रखंड में शांतिपूर्ण मतदान कराने की राह आसान नहीं होगी। इन तीनों ही प्रखंडों में प्रशासन को सोमवार को अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा। वजह बैरगनिया और सुरसंड प्रखंड का नेपाल सीमा से जुड़ा होना है।
दरअसल, परसौनी प्रखंड नक्सल प्रभावित है। परसौनी प्रखंड की भौगोलिक जटिलता शांतिपूर्ण चुनाव की राह में बाधक होगी। बेलसंड को नक्सलियों की मांद माना जाता रहा है और परसौनी प्रखंड इससे ठीक सटा है। जबकि पड़ोसी जिले शिवहर का तरियानी प्रखंड, जो अब तक इलाके में नक्सलियों के मैनेजमेंट का सेंटर माना जाता रहा है, वह भी ठीक सटा हुआ है।
हालांकि प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त कर लिए हैं। तमाम बूथों पर बड़ी संख्या में सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं। सशस्त्र बल की टुकड़ी शिवहर से लगी सीमा और नेपाल से जुड़ी सीमा पर तैनात रहेगी।

आज शाम से बॉर्डर किया जाएगा सील, रहेगी पैनी नजर
पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो। इसको लेकर हर स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले के बैरगनिया और सुरसंड प्रखंड के सभी बॉर्डर को आज शाम 5 बजे सील कर दिया गया है। सीमा सील रहने के दौरान वाहनों के साथ-साथ पैदल आवाजाही पर भी पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी।

यही नहीं, पंचायत चुनाव वाले क्षेत्र की सभी दुकानें भी बंद रहेंगी तथा वाहन परिचालन भी बंद रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को शरारती तत्वों से निपटने के लिए बाइक सवार गश्ती दल को प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान सीमा पर एसएसबी जवान पूरी तरह सतर्क रहेंगे। बॉर्डर सील करने के बाद पुलिस के जवान आसपास की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे।

बूथों पर बड़ी संख्या में सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं।
हर पंचायत में बनाए गए है सेक्टर पदाधिकारी
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। डीएम सुनील कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में तीन सेक्टर बनाया गया है। सभी बूथों पर चार सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। सेक्टर में तीन पुलिस पदाधिकारी और पंद्रह सिपाही हर स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। पंचायत स्तर पर एक जोनल सेंटर बनाया गया है। एक जोन में थानाध्यक्ष स्तर के पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इनके साथ अत्याधुनिक हथियारों के साथ कई बाइक दस्ता को तैनात किया गया है।




Leave a Reply