BIHARBreaking NewsSTATE

छठ महापर्व पर ठंड और धुंध का दिखेगा असर, 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

छठ महापर्व पर 10 और 11 नवंबर को ठंड के साथ धुंध का असर होगा। इस दौरान 5 से 11 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं से पारा गिरेगा। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड के साथ धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम काफी सर्द हो जाएगा। हालांकि बिहार में दीपावली तक दिन और रात का तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।

दीपावली में रात में होगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक दीपावली पर अधिकतम तापमान 28 से 33 और न्यूनतम तापमान 15 से 18 के बीच रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान रुक-रुक करके तेज हवाएं चलेगी, जिससे शाम होते ही मौसम पूरी तरह से सर्द हो जाएगा। इसका सीधा असर अगले दिन सुबह तक दिखाई देगा। धूप निकलने के बाद ही ठंड से राहत मिलेगी। यह स्थिति दीपावली तक रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर बिहार में पश्चिम-उत्तर और दक्षिण बिहार में पश्चिम की तरफ से 5 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जिससे उत्तर बिहार में धुंध और दक्षिण बिहार में मौसम साफ होने का अनुमान है।

दिन-रात का गिर रहा तापमान

पटना सहित बिहार के सभी हिस्से में दिन और रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर 72 घंटे के दौरान मैदानी हिस्से में दिखाई देगा, जिसके असर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है। पटना में 24 घंटे के दौरान दिन और रात के तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अलसुबह न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जिससे सिहरन के साथ मौसम सर्द रहा है। पटना में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.