दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे पर्व में लोगों की भीड़ और संक्रमण के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पटना जिले में 23 ग्रामीण सरकारी अस्पताल और कुछ सामुदायिक केंद्रों पर विशेष टीकाकरण अभियान शुरू करेगा। इसे 9 टू 9 नाम दिया गया है। यानी लोग अपने नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक टीका लगवा सकते हैं।
सोमवार को बिहटा और मनेर प्रखंड में इस सेवा की शुरुआत की गई। इससे पहले इस सेवा की शुरुआत फुलवारीशरीफ सीएचसी, खुसरूपुर, बख्तियारपुर, पटना सदर में संपतचक, अथमलगोला, मसौढ़ी, पुनपुन, फतुहा, दानापुर, नौबतपुर, बाढ़ में बाढ़ क्लब, बेलछी, बिक्रम, दनियावां, दुल्हिनबाजार, दानापुर, पंडारक, घोसवरी और मोकामा में सेवा शुरू हो चुकी है। यहां के पीएचसी या सीएचसी में केंद्र शुरू किया गया है।


पटना सदर में यह सुविधा पंचायत भवन आलमपुर सबलपुर, प्रोजेक्ट हाईस्कूल पंडारक, घोसवरी में पीएचसी के नजदीक, आईजीआईएमएस में भी संचालित किया जा रहा है। इससे पहले पटना शहर में तीन ऐसे टीकाकरण केंद्र खोले गए थे जो चौबीस घंटे संचालित किए जा रहे हैं। इसमें पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स स्टेडियम, होटल पाटलिपुत्र अशोक, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पाटलिपुत्र शामिल हैं।

21 लाख लोगों को देना है दूसरा डोज
पटना जिले में 43 लाख से अधिक लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाना है। इसमें अब तक 33 लाख 82 हजार 614 लोगों को टीका की पहली डोज दी जा चुकी है। दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 22 लाख दो हजार 72 है। इस प्रकार पटना जिले में अब तक कुल 55 लाख 84 हजार 686 डोज लोगों को दी जा चुकी है।

अभी 10 लाख लोगों को पहली डोज देनी है। जबकि दूसरी डोज 21 लाख लोगों को दी जानी है। इसीलिए टीकाकरण केंद्रों पर दूसरी डोज लेने वाले अधिक पहुंच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दूसरी डोज में लोगों को देर नहीं हो, इसीलिए सभी ग्रामीण अस्पतालों में 9 टू 9 सेवा शुरू की गई है।




Leave a Reply