मुजफ्फरपुर : पटाखे की बिक्री पर लगी रोक की सूचना दुकादारों को नहीं मिली, चल रहा है कारोबार
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के प्रमुख पटाखा मंडी छाता बाजार में पटाखे की बिक्री पर लगाई पाबंदी की प्रशासनिक सूचना सोमवार को तीन बजे दोपहर तक दुकानों को नहीं मिली है। सूचना के अभाव में पूर्व से आये मालों की बिक्री दुकानदार कर रहे है। खुदरा दुकानदार अभी माल की खरीदारी कर रहे है।
दीपावली के मौके पर मंडी में लाखों रुपये का कारोबार होता है। इस बार पहला मौका है कि पटाखे की जगह कई दुकानदार सजावट वाले वस्तु की बिक्री कर रहे है। पाबंदी की घोषणा से कई खुदरा दुकानदार मंडी में खरीदारी करने नहीं आ रहे है। इस समय पटाखे लेने के लिए खुदरा कारोबारियों की भीड़ लगी रहती थी।


मंडी में इस बार सिर्फ लाइसेंसधारी दुकानदार ही पटाखे की बिक्री कर रहे है। जिनके पास स्टॉक है वे अपना माल निकालने में लगे है। ताकि पैसा किसी कदर निकल जाये। न जाने कब प्रशासनिक सूचना आ जाये कि अब पटाखे की बिक्री नहीं करनी है।

फायर वर्क्स एसोसिएशन छाता बाजार के अध्यक्ष इमतयाज अहमद उफ वकील ने बताया कि पटाखे की बिक्री पर लगाई गयी पाबंदी की सूचना अभी तक नहीं मिली है। अगर किसी प्रकार की सूचना मिलती है तो शत प्रतिशत पालन किया जायेगा। अभी छोटे-मोटे हल्के वाले पटाखे की बिक्री हो रही है।
उन्होंने बताया कि पटाखे की पाबंदी से खुदरा दुकानदार थोक व्यापारियों के यहां नहीं आ रहे है। पाबंदी से कारोबार पूरी तरह चौपट हो गया है। इस बार पूंजी भी निकलना मुश्किल हो गया है।
छाता बाजार पटाखे मंडी में फूलझरी 35 से 100 रुपये 5 पीस, जवान 100 से 125 रुपये 25 पीस, आलूबम 20 से 80 रुपये 10 पीस, चक्कर 35 से 60 रुपये 10 पीस, राकेट 50 से 200 रुपये 10 पीस, कुलिया 50 से 100 रुपये 10 पीस, बंदूक 60 रुपये दर्जन एवं बंदूक का रौल 40 से 50 रुपये10 पीस की दर बिक्री हो रही है।




Leave a Reply