पूजा के लिए इकट्ठा चंदा से बार बालाओं को नचा दिया। यहां तक की कोरोना गाइडलाइन की भी अनदेखी की गई। इसके लिए प्रशासन से अनुमति भी नहीं ली गई थी। मामला जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र की तिलक ताजपुर पंचायत के मुसहरी टोला का है। यहां हर साल की तरह इस बार भी नवरात्रि के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान जमकर भोजपुरी अश्लील गानों पर बार बालाओं के साथ-साथ लोगों ने ठुमके लगाए।
गांव के हजारों युवकों ने भी लगाए ठुमके
लोगों ने बताया कि नवरात्रि की समाप्ति पर हर साल आर्केस्ट्रा आयोजित होता है। इस बार भी विसर्जन के बाद रविवार की रात आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ। इसमें अश्लील गानों पर बार-बालाओं के साथ गांव के हजारों युवकों ने जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान न तो सामाजिक दूरी का ख्याल रखा गया। न ही कोरोना गाइडलाइन के किसी भी नियम का पालन किया गया।

न संक्रमण का डर न ही प्रशासनिक कार्रवाई का डर
लोगों ने बताया कि युवाओं की टोली ने नवरात्रि के नाम पर चंदा इकट्ठा किया था। उसी राशि से आर्केस्ट्रा कराने का प्लान बनाया। कुछ पैसे पूजा में खर्च हो गए। बचे हुए पैसों से युवकों ने दूसरे जिले से बार बालाओं को आर्केस्ट्रा के साथ बुलाया। इतना ही नहीं देर रात अश्लील गानों पर बार बालाओं का डांस हुआ। इसके बाद भीड़ भोजपुरी गानों पर थिरकती नजर आईं। आयोजन के दौरान न कोरोना संक्रमण का और न ही प्रशासनिक कार्रवाई का डर दिखा।
थानाध्यक्ष बोले- सूचना पाकर पहुंचे तो बंद हो चुका था प्रोग्राम
इस संबंध में रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि किसी ने सूचना दी थी कि गांव में ऑर्केस्ट्रा आयोजित किया गया है। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, तब तक प्रोग्राम प्रोग्राम बंद कर दिया गया था। इसके अलावा किसी ने इसका लिखित आवेदन नहीं दिया। अगर प्रूफ के साथ कोई शिकायत करता है तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।



Leave a Reply