जम्मू कश्मीर में लगातार आतंकी हमले में बिहारियों की मौत के अब भारत-पाकिस्तान मैच पर बयानबाजी शुरू हो गई है। बांका के अरविंद कुमार साव के पिता देवेंद्र साह के बाद अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी मैच पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान के साथ कोई रिश्ता नहीं होना चाहिए। मैच भी नहीं होना चाहिए।
बेटे को खोने वाले पिता ने रविवार को सरकार से कहा था कि जो हमारे बच्चों को मार रहा है उसके साथ कोई भी रिश्ता नहीं होना चाहिए। दोनों देशों के बीच खेल होने ही नहीं चाहिए। दुश्मनों के साथ अपना रवैया कड़ा होना चाहिए। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री नीरज कुमार बबलू ने भी पाकिस्तान की हरकत पर सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि इस देश से कोई रिश्ता नहीं होना चाहिए। क्रिकेट मैच को लेकर फिर विचार करने की जरूरत है।



मैच पर भड़का आक्रोश
भारत-पाकिस्तान की टीम का आमना-सामना T-20 वर्ल्ड कप में 24 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। इस मैच के पहले ही बिहार में बवाल मच गया है। टीम में बिहार के युवा खिलाड़ी ईशान किशन को भी शामिल किया गया है। इस कारण से सुरक्षा को लेकर बिहार में अलर्ट कर दिया गया है। लगातार हो रहे आतंकी हमलों में बिहारियों को निशाना बनाए जाने से बिहार में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। 10 दिन के अंदर 4 बिहारियों को मौत के घाट उतारने से आक्रोश है। मृतकों के परिजनों का कहना है कि किसी भी दशा में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होना चाहिए। बिहार के मजदूरों को घर में घुसकर गोली मारने और बिहारियों को घाटी छोड़ने की चेतावनी को लेकर बिहार में आक्रोश बढ़ रहा है।




Leave a Reply