BIHARBreaking News

मुजफ्फरपुर : अधिकारियाें की लापरवाही से लोग परेशान, हर 20 मिनट पर कट रही बिजली

शहर में बिजली ट्रिपिंग राेकने के लिए तकरीबन 12 करोड़ रुपए खर्च कर शहर में दो पावर सबस्टेशन (पीएसएस) बनाए गए हैं। हाथी चौक के समीप जिला स्कूल परिसर में बना पीएसएस उत्तर बिहार में दूसरा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि यह कंटेनर में तैयार किया गया है। विशेष परिस्थिति में इस पीएसएस काे दूसरी जगह शिफ्ट भी किया जा सकता है।

इस पीएसएस से हाथी चाैक-छाेटी कल्याणी रोड, पानी टंकी चौक, देवी मंदिर रोड समेत शहर के कई इलाकाें को बिजली मिलेगी। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि मिस्काॅट पावर सबस्टेशन का लोड कम हो जाएगा और इन इलाकाें के लाेगाें काे बिजली ट्रिपिंग से राहत मिलेगी। इस पीएसएस काे मुशहरी के द्वारिका नगर में बने सुपरग्रिड से जोड़ना है।

जिला स्कूल परिसर में बना पीएसएस कंटेनर में है, विशेष परिस्थिति में दूसरी जगह हो सकेगा शिफ्ट,

बीएमपी-6 के पास तैयार सबस्टेशन से बिजली शुरू हाेने पर चंदवारा सबस्टेशन से जुड़े इलाके को मिलेगी राहत
बीएमपी 6 के पास तैयार पावर सबस्टेशन से बिजली शुरू हाेने पर चंदवारा पावर सबस्टेशन से जुड़े इलाके के लाेगाें को राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियाें के अनुसार इन दोनों पावर सबस्टेशन के चालू होने से शहर के पूर्वी इलाके में बिजली ट्रिपिंग से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।

लेकिन, एनबीपीडीसीएल अधिकारियाें की लापरवाही से दुर्गापूजा के पहले दोनों सबस्टेशन के चालू होने की उम्मीद पर पानी फिर गया है। बल्कि, दीपावली में भी बिजली ट्रिपिंग से राहत मिलने की उम्मीद भी कम ही लग रही है। घंटे भर में दो से तीन बार बिजली कट रही है।

बिजली ट्रिपिंग केवल इस लिए हो रही है कि सब स्टेशन तो बन गया उसे अब तक चालू नहीं किया जा सका है। ऐसे में अब भी प्रत्येक 20 मिनट पर बिजली कट जाती है और लाेगाें काे भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है।

एनबीपीडीसीएल व आरसीडी में तालमेल की कमी से दाेनाें पीएसएस नहीं हाे पा रहे चालू
दरअसल एनबीपीडीसी व पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) में तालमेल की कमी के कारण ये दाेनाें पीएसएस चालू नहीं हाे पा रहे हैं। आरसीडी जिला स्कूल रोड में नाला बना रहा है। इसी के निर्माण की बात कहकर 11 केवी लाइन नहीं बनाई जा रही है। इस कारण जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स से बने पावर सबस्टेशन से घराें तक बिजली नहीं पहुंच रही है।

एनबीपीडीसीएल के कार्यपालक अभियंता प्रोजेक्ट विजय कुमार का कहना है कि 11 केवी लाइन जल्द बनेगी और उसके बनते ही पीएसएस चालू हाे जाएगा। बीएमपी 6 में प्रोजेक्ट का काम कोई नहीं बचा है।

जिला स्कूल सबस्टेशन से जुड़ेंगे ये इलाके
छोटी कल्याणी, अमर सिनेमा रोड, नकुलवा चौक, देवी मंदिर रोड, पानी टंकी चौक समेत आसपास के इलाके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.