अक्टूबर माह के चौथे सप्ताह से गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा। गया और मोतिहारी से मानसून की वापसी होने से अब ठंड को लेकर संभावना बनने लगी है। मानसून की वापसी होते ही पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू होंगी जिससे सुबह शाम की ठंड शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून रेखा गया, मोतिहारी, अंबिकापुर, इंदौर, गांधीनगर होते हुए पोरबंदर की तरफ जा रहा है। इससे बिहार के अधिकांश हिस्से में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
हवा के रुख में होने लगेगा बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी से हवा के रुख में भी धीरे-धीरे बदलाव होना शुरू हो गया है। पूर्व की तरफ से बहने वाली हवाएं पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही है। हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं देश के मैदानी हिस्से को प्रभावित कर रही हैं। इसके प्रभाव से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड में अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से सुबह-शाम मौसम हल्का सर्द होने का अनुमान है, हालाकि ठंड का प्रभाव नवंबर में देखने को मिलेगा।

सामान्य के आसपास पारा
बारिश का सिस्टम निष्क्रिय होने के बाद बिहार के सभी 38 जिलों में दिन-रात का पारा सामान्य के करीब रिकार्ड किया गया है। यह स्थित अक्टूबर के चौथे सप्ताह तक बनी रहेगी। उसके बाद रात के साथ ही दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, हालांकि मानसून की वापसी के साथ ही बिहार के समस्तीपुर, कटिहार, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही ट्रफ रेखा देश उत्तरी हिस्से से होते हुए पूर्वी की तरफ जा रही है, जिससे बिहार के तटवर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश की उम्मीद है।

पश्चिमी हवाओं के चलने से गिरेगा पारा
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की वापसी के साथ ही पश्चिमी हवाओं का प्रवाह अब धीरे-धीरे शुरू हो गया है। तापमान में गिरावट होगी। नवंबर से ठंड का प्रभाव देखने को मिलेगा लेकिन अक्टूबर माह के चौथे सप्ताह से गुलाबी ठंड होगी। दिन और रात का पारा अब धीरे-धीरे कम होने लगेगा। पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान आर्द्रता 77 फीसदी थी। इससे उमस भरी गर्मी से राहत रही। रविवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस होने के आसार है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहने का अनुमान है।




Leave a Reply