BIHARBreaking NewsSTATE

14 अक्टूबर के बाद मिलेगी गर्मी से थोड़ी राहत

बिहार में मानसून वापसी का बड़ा असर दिख रहा है। सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। धूप की वजह से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो रही है, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिल रही। 14 अक्टूबर तक ऐसे ही मौसम रहने के आसार है। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर काफी अलर्ट रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से बिहार के उत्तरी-पश्चिमी जिले पूर्वी-पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान में हल्की बारिश होने के आसार हैं। अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूप, नमी से तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

दिन-रात का तापमान स्थिर

पटना में शनिवार सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ गई है। दिन-रात का पारा स्थिर बना हुआ है। जिसकी वजह से धूप और नमी उमस भरी गर्मी को बढ़ाने का काम कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति 14 अक्टूबर तक रहेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान दिन में हवा की रफ्तार 3 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे थी। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।

बीमारी का है मौसम, रहें अलर्ट

दिन में कड़ी धूप और रात में थोड़ी ठंड बीमारी का बड़ा कारण है। इस मौसम में डॉक्टर बच्चों और बीमार लोगों को पूरी तरह से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं।

फिजिशियन डॉ राणा एसपी सिंह का कहना है- ‘ऐसे मौसम में डायरिया, बुखार, वायरल, आंखों की समस्या के साथ हाइपर टेंशन की समस्या हो सकती है। बच्चों से लेकर बड़ों को इस मौसम में पूरी तरह से सावधान रहने की जरूरत है। खान पान पर विशेष ध्यान दें। धूप में बचाव रखें और ठंड गर्म को लेकर पूरी तरह अलर्ट रहें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.